नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के बाद शुक्रवार को पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में भी मेयर और डिप्टी मेयर पद का चुनाव संपन्न हो गया। दोनों ही निगमों में भाजपा के प्रत्याशियों ने मेयर-डिप्टी मेयर पद पर शपथ ग्रहण की। पूर्वी दिल्ली नगर निगम में विपिन बिहारी ने मेयर और किरण वैद्य ने डिप्टी मेयर के पद पर शपथ ग्रहण की। वहीं दूसरी ओर उत्तरी निगम में आदेश गुप्ता ने मेयर और राजेश लावड़िया ने डिप्टी मेयर पद पर शपथ ग्रहण की।
निगम को आत्मनिर्भर बनाना होगी प्राथमिकता : आदेश गुप्ता
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के साथ खराब आर्थिक हालातों से जूझ रहे उत्तरी निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राजस्व वृद्धि पर कार्य किया जाएगा। इसके बाद शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा। मै इतना कहना चाहता हूं कि इस जिम्मेदारी का निर्वहन बड़ी-बड़ी बातें नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर उतरकर कार्य किया जाएगा। जो कार्य चल रहे हैं उनको समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
कर्मचारियों-अधिकारियों के साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे : बिपिन बिहारी
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि वह सभी को एक साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार चतुर्थ वित्त आयोग की रिपोर्ट को लागू करवाने के लिए भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि निगम के सभी कामों में पारदर्शिता बरती जाएगी। उन्होंने पक्ष-विपक्ष के साथ मिलकर काम करने और सफाई कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं का निराकरण करने का भी आश्वासन दिया।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।