‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ अभियान का शुभारंभ - Punjab Kesari
Girl in a jacket

‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ अभियान का शुभारंभ

स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ दिल्ली के दिल की

नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा कार्यालय पर में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ दिल्ली के दिल की बात आओ करें भाजपा के साथ अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही दिल्ली की 70 विधानसभाओं में आगामी 15 दिनों तक दिल्ली की जनता के सुझाव एकत्र करने वाले 49 वीडियो रथों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश कार्यालय से रवाना किया गया। 
इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली की जनता के सुझावों को 1600 पेटियों में एकत्र कर दिल्ली भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल करना है। अभियान से सम्बन्धित दो वीडियो प्रसारित भी किए गए। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री व दिल्ली के चुनाव सह प्रभारी नित्यानंद राय भी मौजूद रहे। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने सकारात्मक कदम उठाते हुए सार्थक संवाद के संदर्भ में ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ अभियान की शुरुआत कर दी है। 
सभी सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी वरिष्ठ नेता व भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मीडिया के माध्यम से दिल्ली की जनता का आह्वान करता है कि वे लोग आगे आएं और प्रदेश भाजपा के संकल्प पत्र के निर्माण में अपने बहुमूल्य सुझाव दें। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता तय करेगी की उन्हें आने वाले पांच वर्षों में विकास की नई परिभाषा रचने वाली, गरीब का उत्थान करने वाली, महिलाओं का सम्मान करने वाली, बच्चों को शिक्षा देने वाली, इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम करने वाली और समाज को सशक्त करने वाली सरकार चाहिए या झूठ और फरेब की सरकार चाहिए। 
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के लिए एक ही बात कही जा सकती है कि ‘मोदी जी ने ठाना है, दिल्ली को सर्वोत्तम बनाना है।’ दिल्ली को आज तक आम आदमी पार्टी भ्रमित करती रही और भाजपा यथासम्भव दिल्ली की समस्याओं को निपटाती रही। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर झूठ व भ्रम फैलाने वालों पर प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा प्रहार किया कि आज दिल्ली में रजिस्ट्रियों के माध्यम से लोगों को उनके घर का मालिकाना हक मिल रहा है। 70 विधानसभाओं में घूम-घूम कर हमारे वीडियो रथ आम आदमी पार्टी के पांच साल के कार्यकाल की नाकामियों की पोल जनता के बीच खोलेंगे।
जनता चार प्रकार से सुझाव दे सकेगी… भाजपा द्वारा 15 दिनों तक पूरी दिल्ली में 49 वीडियो रथ चलाए जाएंगे जिनके माध्यम से भाजपा का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इनमें से 35 रथ 70 विधानसभा के प्रमुख स्थानों पर चलाए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में दो-दो रथ चलाए जाएंगे। दूसरा सुझाव पेटी लगाई जाएंगी। 
प्रत्येक विधानसभा में 20 सुझाव पेटियां दी जाएंगी जिन्हें लेकर कार्यकर्ता डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर दिल्लीवासियों के सुझाव एकत्रित करेंगे।  कुल 1600 सुझाव पेटियों के माध्यम से दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को संग्रहित करने का काम किया जाएगा। 
तीसरा मिस कॉल नम्बर पर लोग मिस कॉल देकर अपने सुझाव रिकार्डिंग के माध्यम से दे सकेंगे। चौथा वेबसाइट के माध्यम से लोग अपने सुझाव वेबसाइट पर जाकर भी दर्ज कर सकेंगे। 

सभी स्थानों पर जाएंगे रथ… मेरी दिल्ली मेरा सुझाव अभियान के तहत 35 वीडियो रथ विधानसभाओं में और 14 रथ दिल्ली के मॉल, विश्वविद्यालय, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैण्ड, सार्वजनिक स्थान, हाट बाजार, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल पर रहेंगे, जहां आने-जाने वाले लोगों के सुझाव लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।