नई दिल्ली: दिल्ली वाले रविवार सुबह न सिर्फ लाडली की सुरक्षा के लिए दौड़े, बल्कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक के साथ हाथ उठाकर नारी के सम्मान और रक्षा की शपथ भी ली। दरअसल जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार सुबह दिल्ली पुलिस ने लाडली फाउंडेशन के साझा सहयोग से महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। जिसे राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लाडली (बेटियों) के सम्मान व सुरक्षा के लिए समाज के हर वर्ग के लोगों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में बेटियों को देवी व लक्ष्मी का रूप माना जाता है, उनकी पूजा की जाती है। बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा करना समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। दिल्ली पुलिस इस दिशा में काफी बेहतर कार्य कर रही है। इस प्रकार के आयोजन सराहनीय हैं। इस मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने कहा कि दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
पुलिस मनचलों को सबक सिखाने के लिए स्कूल, कॉलेज की छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को समय-समय पर आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं, लाडली फाउंडेशन के संस्थापक देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि रविवार को दिल्ली महिलाओं की सम्मान और सुरक्षा के लिए दौड़ी थी। इस मैराथन दौड़ में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। करीब 21 किमी की मैराथन में प्रथम स्थान पर रहने वाले जितेंद्र सिंह को एक लाख रुपए का पुरस्कार व ट्रॉफी दी गई है। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, सांसद प्रियंका सिंह रावत समेत दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों व कर्मचारियों ने इसमें हिस्सा लिया।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।