नई दिल्ली : चुनावी माहौल में नेताओं की जुबानी जंग रोजाना नये-नये रंग दिखा रही है। पूर्णराज्य के मुद्दे पर आप कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मनोज तिवारी के पिता के बारे में अपत्तिजनक शब्द कहे जाने के बाद भाजपा ने भी इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री को आडे़ हाथों लिया। भाजपा नेता विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल जी आपकी ओछी हरकतों से और छूठ-फरेब राजनीति से पता चलता है कि आप किस खानदान से हैं।
भाजपा दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त और दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलकर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह के विरुद्ध चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस को निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव कराने से रोक रही है।
नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यह आरोप अत्यंत शरारतपूर्ण और कुटिल है कि उनके दो कॉल सेंटर्स पर अमित शाह ने दिल्ली पुलिस की रेड कराई। संजय सिंह का मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा गया पत्र झूठ का पुलिंदा है जिसमें उन्होंने लिखा है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर दिल्ली पुलिस काम कर रही है। यह आम आदमी पार्टी की राजनीतिक साजिश है कि चुनाव व पुलिस अधिकारियों को डराया धमकाया जाए।
एक ऑडियो रिकार्डिंग क्लिप पेश की जिसमें बोलने वाली महिला ने कहा कि वे आम आदमी पार्टी से बोल रही हैं। आपका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है और केजरीवाल उसे जुड़वा रहे हैं। झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर उसे अपने कर्तव्य का निर्वाहन करने से रोक रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से आम आदमी पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने को लेकर गंभीर राजनीतिक साजिश रच रही है और झूठा प्रोपेगंडा कर रही है।