तीन दिन पहले तय हो गया था हड़ताल का टूटना - Punjab Kesari
Girl in a jacket

तीन दिन पहले तय हो गया था हड़ताल का टूटना

NULL

नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम में 17 दिनों से चली आ रही सफाई कर्मचारियों की भूख हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। मेयर प्रीति अग्रवाल ने भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों को जूस पिलाकर उनकी हड़ताल खत्म करवाई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद किया।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तुड़वाने के लिए खुद मेयर प्रीति अग्रवाल ने डेम्स विभाग के अधिकारियों, अतिरिक्त आयुक्त यूबी त्रिपाठी और अतिरिक्त उपायुक्त डीके मीणा के साथ मिलकर पूरी योजना पर काम किया। अब उत्तरी ​निगम में 2006 के बाद लगे सभी सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा और निगम की ओर से सफाई कर्मचारियों को कैशलेस बीमा दिया जाएगा।

तीन दिन पहले ही टूट जाती हड़ताल…
सूत्रों के मुताबिक उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को ही टूट जाती, अगर सफाई कर्मचारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने की मांग पर न अड़ते। वीरवार को देर रात भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के साथ उत्तरी निगम की लगभग सभी मांगे तय हो गई थी। जहां एक ओर सफाई कर्मचारी लगभग 2 हजार कर्मचारियों के नियमितिकरण की मांग को लेकर अड़े बैठे थे तो, वहीं निगम के नेता 1 हजार से अधिक सफाई कर्मचारियों को पक्का नहीं करना चाहते थे।

ऐसे में मेयर प्रीति अग्रवाल ने डेम्स विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की और उनकी हड़ताल तुड़वाई। सूत्रों के मुताबिक डेम्स विभाग के अतिरिक्त उपायुक्त डीके मीणा इस पूरे प्रकरण के दौरान न केवल सफाई कर्मचारियों के संपर्क में रहे, बल्कि निगम के नेताओं को भी डीके मीणा ने लगातार हड़ताल तुड़वाने के तरीकों के बारे में जानकारी दी।

सभी मांगे पूरी की : प्रीति अग्रवाल
प्रीति अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि हम उत्तरी दिल्ली के कर्मचारियों और विशेषकर सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर बेहद संवेदनशील है। हम चाहते हैं कि हमारी कर्मचारी हमेशा प्रसन्न व कार्य के प्रति लगनशील रहे तभी हम स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को पूरा कर सकते हैं।

अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए उनकी लगभग सभी मांगों को हमने पूरा किया है जिस तरह के परिवेश में सफाई कर्मचारियों द्वारा कार्य किया जाता है इसे ध्यान में रखकर हम सफाई कर्मचारियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा शुरू करेंगे। प्रीति अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि सफाई कर्मचारियों की मांगे पूरी हो जाने के बाद अपने कार्यों को और अधिक एवं अतिरिक्त प्रयासों के साथ करेंगे और हड़ताल के दिनों में हुई सफाई अव्यवस्था को जल्द से जल्द दूर करेंगे।

हड़ताल खत्म होने के बाद पहुंचे माकन
वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन भी सफाई कर्मचारियों से मिलने पहुंचे थे। बीते 17 दिनों से चली आ रही हड़ताल के बाद अजय माकन सफाई कर्मचारियों से तब मिलने पहुंचे, जब कर्मचारी अपनी हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर चुके थे। इस दौरान माकन ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगे नई नहीं हैं जबकि ये मांगे दशकों पुरानी है। माकन ने कहा कि अस्थाई कर्मचारियों की नौकरी पक्की करने, उनका एरियर देने, वर्दी, पेंशन, कैशलेस मेडिकल कार्ड आदि मांगे निगम के सफाई कर्मचारी बड़े लंबे समय से कर रहे है।

अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।

– सज्जन चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।