नई दिल्ली : जिस तरह से पश्चिम बंगाल में भाजपा को केवल ममता बनर्जी हरा सकती हैं, उत्तर प्रदेश में मायावती और अखिलेश हरा सकते हैं, तामिलनाडू में स्टालिन और तेलंगाना में केवल केसीआर हरा सकते हैं, उसी तरह से दिल्ली में भाजपा को केवल आम आदमी पार्टी हरा सकती है। आने वाले चुनाव में अगर लगेगा कि कांग्रेस, भाजपा को हरा सकती है तो सातों सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दूंगा। यह कहना है दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का।
रविवार को वह मुस्तफाबाद में 12 अनधिकृत कॉलोनियों में 222 गलियों और 56 किमी नालियों के निर्माण का शिलान्यास करने गए थे। इस अवसर पर उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को वोट का गणित भी समझाया है। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 46, आम आदमी पार्टी को 33 और कांग्रेस को 15 प्रतिशत वोट मिला था। इस बार सारे सर्वे बता रहे हैं कि भाजपा से 10 प्रतिशत वोट दूर जा रहा है।
यह दस प्रतिशत अगर कांग्रेस के पास जाएगा, तब भी 36 प्रतिशत वोट के साथ भाजपा सातों सीट जीत जाएगी, लेकिन अगर यह 10 प्रतिशत वोट उन्हें मिल गए तो सातों सीटें आम आदमी पार्टी जीत जाएगी। इस बार भी अगर मोदी और अमित शाह की जोड़ी जीत गई, तो हिटलर की तरह वे संविधान बदल देंगे और चुनाव बंद करा देंगे। आजादी के बाद पिछले 70 साल से देश की जनता को आपस में बांटकर जितना बड़ा नुकसान भाजपा ने किया है उतना तो पाकिस्तान ने भी किया।