नई दिल्ली : फरवरी माह में बदलते मौसम ने लोगों के अभी से पसीने छुड़ा दिए हैं। शनिवार को 24 फरवरी का दिन सात वर्षों में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 31.6 और 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से छह-छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। फरवरी माह में यूं तो मौसम में गर्माहट होने लगती है, लेकिन बीते तीन दिनों हर दिन गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। गुरुवार से लेकर शनिवार तक 22, 23, 24 फरवरी के दिन को वर्ष 2012 से तुलनात्मक देखें तो सात वर्षों में सबसे अधिकतम तापमान रहा है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 तो शुक्रवार को 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की माने तो आगामी दिनों भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। अगले कुछ दिनों तक मौसम में परिवर्तन होने की भी कोई संभावना नहीं है। यही वजह है कि बदलते मौसम में लोगों ने अभी से ही दिन के समय शर्ट और टी-शर्ट पहनना शुरू कर दिया है। सर्दी के कपड़े लोगों ने रखने शुरू कर दिए हैं और रात में पंखा चलाकर सोने का चलन बढ़ गया है। यही आलम रहा तो होली के बाद गर्मी पूरी तरह से दिल्ली और एनसीआर में अपनी दस्तक दे देगी।
उधर मौसम विभाग के अनुसार 25 फरवरी को आसमान साफ रहेगा और सुबह सामान्य कोहरा रह सकता है। वहीं 26 से 28 फरवरी तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं दो मार्च को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।