मांझे से कटा माथा, आए 18 टांके - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मांझे से कटा माथा, आए 18 टांके

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के चलते एक शख्स की जिंदगी पर बन आई।

पूर्वी दिल्ली : राजधानी दिल्ली में एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के चलते एक शख्स की जिंदगी पर बन आई। मामला नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के उस्मानपुर इलाके का है। जहां बाइक से घर लौट रहा युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। पास से गुजर रहे बाइक सवारों ने घायल विकास गुप्ता (20) को उपचार के लिए जग प्रवेशचन्द्र अस्पताल ले जाया गया। युवक के माथे पर 18 टांके आए हैं। 
जान बचने पर लोग व युवक खुद को खुशनसीब मान रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। विकास परिवार सहित सभापुर गांव, सोनिया विहार में रहता है। वह गांधी नगर की एक सीए फर्म में काम करता है। बुधवार शाम करीब सात बजे वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच वह जैसे ही शास्त्री पार्क की रेड लाइट पार कर के पुश्ता रोड उस्मानपुर पर पहुंचा तभी उसके हेलमेट पर चाइनीज मांझा आकर फंस गया। बाइक स्पीड ज्यादा थी। 
विकास ने पीछे से आ रही गाड़ियों को हाथ दिखाया और बाइक साइड में ले गया। तब तक मांझा अपना काम कर चुका था। विकास ने अपना रुमाल लोगों से अपने माथे पर बंधवाया। कुछ लोग विकास को पास के एक क्लीनिक में ले गए। क्लीनिक वाले डॉक्टर ने उसे जग प्रवेशचन्द्र अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने विकास के माथे पर टांके लगाए और इसके बाद उसे छुट्टी दे दी।
हेलमेट भी काट दिया… चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं किसी से छिपी नहीं है। विकास की किस्मत अच्छी थी कि वह बच गया। चूंकि विकास का कहना है कि उसके हेलमेट का शीशा खुला हुआ था, अगर शीशा बंद होता तो हो सकता है मांझा फिसल कर उसकी गर्दन पर आ जाता। मांझे ने विकास का हेलमेट तक काट दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

19 − seven =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।