नक्सल समस्या का अंत निकट - Punjab Kesari
Girl in a jacket

नक्सल समस्या का अंत निकट

NULL

रांची : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नक्सल समस्या को समाप्त करने की दिशा में झारखंड की रघुवर सरकार के प्रयासों की तारीफ करते हुए आज कहा कि नक्सल समस्या के मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का काम पूरे देश में बेहतरीन है। श्री सिंह ने यहां झारखंड मंत्रालय में आयोजित एलडब्ल्यूइ, सुरक्षा व्यवस्था और एसपीरेशनल जिलों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सल समस्या के मामले में रघुवर सरकार का काम पूरे देश में बेहतरीन है।

इस दिशा में झारखंड सरकार ने काफी अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा उगाही का मामला हो या केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के बीच समन्वय की बात हो, चाहे यूनिफाइड कमांड की लगातार हो रही बैठकें हो, झारखंड पूरे देश में सबसे आगे है।काफी कम समय में उम्मीद से ज्यादा सफलता प्राप्त की गयी है। गृह मंत्री ने कहा, ‘भारत का गृह मंत्री होने के नाते गौरव का भाव मन में आता है। इसके लिए रघुवर सरकार की जितनी प्रशंसा की जाये कम है। राज्य पुलिस विशेष तौर पर बधाई के पात्र है।

राज्य सरकार ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लिए जो आधारभूत संरचना उपलब्ध करायी है, वह श्रेष्ठ है। इन सब चीजों से दिखता है कि राज्य सरकार नक्सल समस्या को समाप्त करने के लिए कितनी गंभीर है। सूचना तंत्र के मामले में राज्य में एडवांस तकनीक का इस्तेमाल करें जिससे इस काम में और तेजी आयेगी। केन्द, हर संभव सहयोग करेगा।’ बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। शासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ रहा है।

लोग विकास योजनाओं से जुड़ने के लिए खुल कर सामने आ रहे हैं। नक्सल समस्या पर नियंत्रण पाने में स्थानीय लोगों का काफी सहयोग मिला है। अति पिछड़ जिलों पर फोकस किया जा रहा है। आदिवासी ग्राम विकास समिति और ग्राम विकास समिति के माध्यम से छोटी-छोटी योजनाओं को ग्रामीणों को सौंपा जा रहा है। इससे गांव के लोग विकास से जुड़ेंगे और शासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा। श्री दास ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर राज्य सुरक्षा बलों ने करीब सवा तीन साल में बेहतरीन काम किया है।

अभी झारखंड में कुछ अपराधी गुट मुखौटा ओढ़कर वारदात कर रहे हैं, जल्द ही उन्हें भी समाप्त कर दिया जायेगा।नक्सल समस्या समाप्त करने में झारखंड सबसे पहला राज्य होगा, इस ध्येय के साथ हम काम कर रहे हैं। इस दौरान पत्थलगढ़, उग्रवादियों के आर्थिक स्राेत को नष्ट करने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान वरीय सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, पुलिस महा निदेशक डी.के.पांडे समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।