'महिला सशक्तिकरण से समाज सशक्त' - Punjab Kesari
Girl in a jacket

‘महिला सशक्तिकरण से समाज सशक्त’

राजनीतिक दलों की भागदौड़ के बीच भाजपा ने एक अनूठा कदम उठाया है। चुनावी घोषणा पत्र के लिए

नई दिल्ली : 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों की भागदौड़ के बीच भाजपा ने एक अनूठा कदम उठाया है। चुनावी घोषणा पत्र के लिए भाजपा द्वारा भारत के मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा द्वारा गुरुवार को महाराष्ट्र सदन में आयोजित ‘भारत के मन की बात मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर महिलाओं के सुझाव लिए गए।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों में महिला संबंधित मुद्दों पर न केवल गहन चिंतन, बल्कि इन पर कार्य करके भी दिखाया है। विजया रहाटकर ने बताया कि महिला सुरक्षा, ट्रैफिकिंग बिल में संशोधन, मातृत्व अवकाश की अवधि बढ़ाने के साथ और पोक्सो कानून में बदलाव किया है।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा ने कहा कि यह अच्छी बात है कि महिलाओं को अपनी बात रखने का मौका दिया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि पहले गांव और शहर को समान बनाया जाए। अगर कोई देश सशक्त होना चाहता है तो पहले उस समाज को सशक्त करना होगा और समाज को सशक्त करने के लिए पहले महिलाओं को सशक्त किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि महिला द्वारा ही महिला का शोषण किए जाना भी चिंता का विषय है। भाजपा महामंत्री सरोज पांडे, पूजा मिश्रा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कनक अग्रवाल, दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम पराशर, डॉ. शोभा विजेंद्र, रुबीना मित्तल, नमिता गौतम, अभिनेत्री बेगम फातिमा, मिस इंडिया श्रेया चोपड़ा, लवलीन थड़ानी और अन्य पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।