घबराएं नहीं नियंत्रण में है डेंगू - Punjab Kesari
Girl in a jacket

घबराएं नहीं नियंत्रण में है डेंगू

डेंगू के खिलाफ अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में अपने कार्यालय का

नई दिल्ली : डेंगू के खिलाफ अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में अपने कार्यालय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में फूलों के बर्तनों में मौजूद स्थिर पानी को बदला, जिससे कार्यालय में डेंगू के मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। उन्होंने ट्विटर पर इससे संबंधित फोटो को साझा कर लिखा कि इस साल विशेषज्ञों ने हमें चेतावनी दी थी कि डेंगू खतरनाक होने की संभावना है। 
लेकिन दिल्लीवासियों के प्रयासों से अब तक दिल्ली ने डेंगू को नियंत्रण में रखा गया है। वर्ष 2015 में दिल्ली में डेंगू के 15,867 मामले दर्ज किए गए थे। 2018 में यह 3,000 से कम हो गए थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि विशेषज्ञों ने इस साल डेंगू में एक चक्रीय स्पाइक की चेतावनी दी थी। इस कारण सरकार ने डेंगू के खिलाफ 10 हफ्ते 10 बजे 10 मिनट मेगा ड्राइव लॉन्च किया। 
अपने घर का निरीक्षण करने के लिए 1 सितंबर को अभियान शुरू करने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों को हर शुक्रवार सुबह 11 बजे कार्यालय स्थानों में निरीक्षण का निर्देश दिया था। डेंगू के खिलाफ दिल्ली सरकार के अभियान के पहले सप्ताह के दौरान 6 सितंबर को दिल्ली के मुख्य सचिव विजय कुमार देव ने अपने कार्यालय का निरीक्षण किया और सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में डेंगू के खिलाफ अभियान चलाया। तब से हर शुक्रवार मुख्य सचिव सहित सभी सरकारी अधिकारी अपने कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। 
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने अभियान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस और दिल्ली विकास प्राधिकरण को भी निर्देशित किया है। इनके दिल्ली में 90 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिल्ली की पूरी न्यायपालिका को हर शुक्रवार सुबह 11 बजे कार्यालयों में निरीक्षण कर अभियान में हिस्सा लेने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।