देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि केंद्र के अध्यादेश पर आम आदमी पार्टी को कांग्रेस का समर्थन मिल गया है। इस संबंध में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर एक बड़ी बैठक चल रही है। जिसके बाद कांग्रेस की तरह से अध्यादेश के मुद्दे पर रुख सार्वजनिक किया जा सकता है।
कांग्रेस आप और अन्य पार्टियों के साथ खड़ी होगी- सूत्र
सूत्रों का कहना है कि संसद में ये अध्यादेश का मुद्दा आने पर कांग्रेस आप और अन्य पार्टियों के साथ खड़ी होगी। बता दें कि, पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से बड़ा बयान आया था। पार्टी ने कांग्रेस पर बीजेपी के साथ मिले होने का आरोप लगाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया था कि केंद्र की ओर से लाए गए अध्यादेश के मामले पर बीजेपी और कांग्रेस में साठगांठ हुई है।
ये था पूरा मामला
केंद्र सरकार ने बीते महीने दानिक्स कैडर के ग्रुप-ए अधिकारियों के तबादले और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए राष्ट्रीय राजधानी लोक सेवा प्राधिकरण गठित करने के उद्देश्य से एक अध्यादेश जारी किया था। दिल्ली की आप सरकार इसका विरोध कर रही है और इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बताया है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने इस अध्यादेश के आने से पहले दिल्ली में पुलिस, कानून-व्यवस्था और भूमि को छोड़कर अन्य सभी सेवाओं का नियंत्रण दिल्ली सरकार को सौंप दिया था।