राजधानी दिल्ली में मॉनसूम आने के बावजूद उमस और गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया है। लेकिन, दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। इसके चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी बता दें राहत मिली। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
आपको बता दें दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही सूरज निकला हुआ था। दिन चढ़ने के साथ ही धूप और भी तीखी होती चली गई। दोपहर तक लोग पसीना पोंछते नजर आए, मगर दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। कई हिस्सों में घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, दिल्ली का एक बड़ा हिस्सा ऐसा भी रहा, जहां पर हल्की फुहारें ही पड़ीं।
IMD ने जुलाई में देश में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई
दरअसल, आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। विभाग ने बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले छह से सात दिनों तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं तथा रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी ने एक ‘येलो अलर्ट’ जारी कर चेतावनी दी है कि मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है जिससे बुधवार को निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है और इसके कारण प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हो सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आईएमडी ने जुलाई में देश में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई है।
चार विमानों को डायवर्ट किया गया
इसके साथ ही दिल्ली में दोपहर बाद तेज हवा के साथ हुई बारिश का असर विमानों के संचालन पर भी पड़ा है। खराब मौसम के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट किया गया। सूत्रों के मुताबिक, दोपहर बाद शुरू हुई बारिश के चलते विमानों को उतारने में परेशानी हुई। इस कारण चार विमानों को डायवर्ट किया गया। इनमें से तीन विमानों को अमृतसर और एक विमान को लखनऊ ले जाया गया।


















