डॉक्टर खुदकुशी मामले में दिल्ली पुलिस ने आप विधायक प्रकाश जारवाल और कपिल नागर को किया गिरफ्तार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

डॉक्टर खुदकुशी मामले में दिल्ली पुलिस ने आप विधायक प्रकाश जारवाल और कपिल नागर को किया गिरफ्तार

विधायक प्रकाश जारवाल का कहना है कि उनके खिलाफ गलत FIR दर्ज की गई है। जारवाल ने दिल्ली

राजधानी दिल्ली में बीएएमएस डॉक्टर की खुदकुशी मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक प्रकाश जारवाल और सहयोगी कपिल नागर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने पहले हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर गिरफ्तार कर लिया। दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अतुल ठाकुर ने बताया कि डॉक्टर की खुदकुशी मामले में दोनों आरोपियों प्रकाश जारवाल तथा कपिल नगर से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। डॉक्टर की खुदकुशी के मामले में नेब सराय थाने में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
हालांकि, विधायक प्रकाश जारवाल ने कहा कि उनके खिलाफ गलत FIR दर्ज की गई है। जारवाल ने दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि यह उनके साथ राजनीतिक साजिश हुई है। बता दें, प्रकाश जारवाल देवली इलाके से विधायक हैं। 
आपको बता दें, जारवाल को दिल्ली पुलिस इससे पहले दो बार पूछताछ के लिए बुला चुकी थी, मगर वह दोनों ही बार पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। जिसके बाद पुलिस ने विधायक प्रकाश जारवाल और सहयोगी कपिल नागर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। हालांकि, अब दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। 
ज्ञात हो कि 18 अप्रैल को डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। दिल्ली पुलिस को डॉक्टर भाटी के घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें देवली से आप विधायक प्रकाश जारवाल का नाम था। सुसाइड नोट में  मृतक डॉक्टर ने विधायक जारवाल और उनके सहयोगी पर धमकी देने का आरोप लगाया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।