दिल्ली एनसीआर में बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़ आठ बजे तक बारिश 21.6 मिमी दर्ज की गई। सुबह साढ़ आठ बजे तक सापेक्षिक आर्द्रता 100 फीसदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। दिन में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को भी बारिश होने की संभावना बानी हुई है।
बारिश के कारण धौला कुआं, नांगलोई, नजफगढ़, दिल्ली कैंट, रिंग रोड और बदरपुर सहित कई प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रभावित हुआ। वहीं बारिश के कारण कई इलाकों में जल भराव की स्थिति सामने आ रही है। जिस वजह से दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में जाम भी लग गया है।
हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में बारिश 21.6 मिमी और पालम वेधशाला में 16.8 मिमी दर्ज की गई। वहीं रिज, लोधी रोड और आया नगर वेधशालाा में क्रमश: 15.1 मिमी, 18.2 मिमी और 12.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक ने आज पूरे दिन लगातार बारिश होने के साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी ने पांच जुलाई को मानसून के दिल्ली पहुंचने की घोषणा की थी। आमतौर पर शहर में 29 जून को मानसून पहुंच जाता है।