Delhi Metro: ‘‘तकनीकी खामी’’ के कारण येलो लाइन पर सुल्तानपुर-घिटोरनी के बीच करीब 3 घंटे तक सेवाएं बाधित - Punjab Kesari
Girl in a jacket

Delhi Metro: ‘‘तकनीकी खामी’’ के कारण येलो लाइन पर सुल्तानपुर-घिटोरनी के बीच करीब 3 घंटे तक सेवाएं बाधित

दिल्ली मेट्रो में एक बार फिर तकनीकी खराबी की वजह से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

दिल्ली मेट्रो में एक बार फिर तकनीकी खराबी की वजह से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।येलो लाइन पर एक ट्रेन में ‘‘तकनीकी खामी’’ के कारण सुल्तानपुर और घिटोरनी स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं करीब तीन घंटे तक बाधित रहीं।दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन दिल्ली में समयपुर बादली को गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक ट्रेन में ‘‘तकनीकी खामी’’ के कारण सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सुबह सात बजे से 10 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण कई लोग फंस गए।कई यात्रियों ने मेट्रो स्टेशन पर तथा उनके आसपास मची अफरा-तफरी की तस्वीरें और वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किए। एक वीडियो में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए सवारी गाड़ियों के अलावा अन्य वाहन का इस्तेमाल करते हुए भी देखा गया।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि येलो लाइन पर सामान्य सेवाएं बहाल कर दी गयी हैं।इससे पहले उसने सुबह करीब सात बजे ट्वीट कर यात्रियों को सेवाओं में बाधा की सूचना दी थी।डीएमआरसी ने कहा था, ‘‘येलो लाइन पर सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हुडा सिटी सेंटर और घिटोरनी के साथ ही सुल्तानपुर और समयपुर बादली के बीच सेवाएं उपलब्ध हैं। बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य है।’’इससे करीब 20 मिनट पहले उसने ट्वीट किया था कि घिटोरनी और सुल्तानपुर के बीच ‘‘सेवाओं में विलंब’’ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।