साउथ दिल्ली के मालवीय नगर में अरबिंदो कॉलेज के पास शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इरफान नाम के व्यक्ति ने घटना को अंजाम दिया। मृतका की पहचान नरगिस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शादी से मना करने पर नरगिस को इरफान ने मार डाला। आरोपी और मृतका दोनों रिश्तेदार थे।
पुलिस उपायुक्त (साउथ) चंदन चौधरी के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर करीब 12.30 बजे कॉल पर जानकारी मिली थी कि विजय मंडल पार्क में अरबिंदो कॉलेज के पास एक व्यक्ति एक महिला की हत्या करके भाग गया है। कॉल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्क में एक बेंच के नीचे महिला का शव मिला। उसके सिर से खून बह रहा था। शव के आसपास भी खून पड़ा हुआ था। जबकि, बगल में एक लोहे की रॉड मिली।