नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश कार्यलाय में शनिवार को विधानसभा में नेता विपक्ष व जन जागरण अभियान के संयोजक विजेन्द्र गुप्ता ने कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 व 35 ए के समाप्त होने पर दिल्ली भाजपा द्वारा पूरी दिल्ली में चलाए जाने वाले जन जागरण अभियान ‘ऐतिहासिक भूल का ऐतिहासिक सुधार’ के बारे में जानकारी देने के लिए संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया।
इस मौके पर प्रदेश मंत्री व जनजागरण अभियान के सह-संयोजक सत्येन्द्र सिंह, सत्यनारायण गौतम, मीडिया प्रभारी प्रत्यूष कंठ एवं मीडिया प्रमुख अशोक गोयल उपस्थित रहे। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा दिल्ली प्रदेश अनुच्छेद 370 व 35 ए को कश्मीर से खत्म किए जाने पर जन जागरण अभियान चला रही है।
ऐतिहासिक भूल का ऐतिहासिक सुधार के मूलमंत्र पर आधारित अभियान पूरी दिल्ली में अगले 15 दिनों तक चलाया जाएगा। जन जागरण अभियान के तहत जिले स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से दिल्ली के दो करोड़ लोगों से सीधा संवाद राष्ट्रीय स्तर के नेता करेंगे।