राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को चार बच्चे यमुना नदी में डूब गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर के खड्डा कॉलोनी में रहने वाले बच्चों के डूबने की सूचना मिली। इसके बाद दो दमकल गाड़ियों को तुरंत सेवा में लगाया गया।
लापता बच्चों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी
अधिकारी ने एक समाचारएजेंसी को बताया, अब तक करीब 12-13 साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। बोट क्लब के कर्मचारियों ने शाम करीब 5.35 बजे दिल्ली दमकल कर्मियों की मदद से शव को यमुना नदी से बाहर निकाला। इस बीच, डीसीपी दक्षिणपूर्व ईशा पांडे ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि बचाव अभियान जारी है।
बचाव अभियान समाप्त होने के बाद सटीक जानकारी दे पाना संभव
जैसा कि अन्य 3 लड़कों को किसी ने नहीं देखा था, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि वे डूबे भी थे या नहीं। पांडे ने कहा, उन्हें किसी ने नहीं देखा था, लेकिन उनके कपड़े नदी के किनारे पड़े हैं, इसलिए संभावना है कि वे भी डूब गए होंगे। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान समाप्त होने के बाद ही सटीक जानकारी दी जा सकती है।