दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने मालवीय नगर में कथित तौर पर एक पूर्व प्रेमी द्वारा 22 वर्षीय लड़की की हत्या पर शुक्रवार को पुलिस को नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने कहा कि DCW ने मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया है कि मालवीय नगर स्थित अरबिंदो कॉलेज के पास एक व्यक्ति ने लड़की पर लोहे की रॉड से हमला किया था।
जानकारी के मुताबिक शादी से मना करने पर नरगिस नामक लड़की को इरफान ने मार डाला। आरोपी और मृतका रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन थे। एक अधिकारी ने बताया कि हमले में लड़की की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी घटनास्थल से भागने में सफल रहा। DCW प्रमुख ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है और मामले में कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) का अनुरोध किया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस से 31 जुलाई तक मामले में की गई किसी भी गिरफ्तारी के विवरण के साथ एफआईआर की एक प्रति प्रदान करने को कहा है।”
दिल्ली में जहां एक महिला को उसके घर के बाहर गोली मारके उसकी हत्या की गई वहीं दूसरी तरह मालवीय नगर जैसे पॉश इलाक़े में लड़की को रॉड से मारा गया। दिल्ली बेहद असुरक्षित है। किसी को फ़र्क़ नहीं पड़ता। सिर्फ़ अख़बार की खबरों में लड़कियों के नाम बदल जाते हैं, अपराध नहीं रुकते।
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) July 28, 2023
मालीवाल ने कहा, घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाएं और बच्चियां दिन में भी सुरक्षित नहीं हैं। एक पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े लड़की की हत्या से पता चलता है कि राजधानी में महिलाएं और लड़कियां कितनी असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति खस्ताहाल है। केंद्र सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में क्यों विफल है? मैं केंद्र सरकार से एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की मांग करती हूं जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और DCW शामिल हों ताकि ताकि जवाबदेही तय की जा सके।”