JNU हिंसा पर शुक्रवार को सोनिया को रिपोर्ट सौंप सकती है कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति - Punjab Kesari
Girl in a jacket

JNU हिंसा पर शुक्रवार को सोनिया को रिपोर्ट सौंप सकती है कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पिछले दिनों हिंसा की जांच के लिए गठित कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति शुक्रवार

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पिछले दिनों हिंसा की जांच के लिए गठित कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंप सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि इस हिंसा में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए तथा कुलपति एम जगदीश कुमार को तत्काल हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस की तथ्यान्वेषी समिति में शामिल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि समिति शुक्रवार को सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपने की तैयारी में है। 
सूत्रों का कहना है कि समिति इस रिपोर्ट में जेएनयू हिंसा के लिए पुलिस और जेएनयू प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर सकती है। सुष्मिता ने कहा कि समिति ने बुधवार को जेएनयू परिसर का दौरा कर विभिन्न पक्षों से जानकारी हासिल की। रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘जेएनयू की घटना के पीछे मानव संसाधन विकास मंत्री और गृह मंत्री दोनों शामिल हैं। यह आधिकारिक रूप से प्रायोजित गुंडागर्दी थी। 72 घंटे हो गए, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि जिनकी पहचान हो गयी है उनको गिरफ्तार किया जाए। यह भी साफ है कि इस कुलपति के रहते सामान्य स्थिति नहीं हो सकती। इस कुलपति का त्याग पत्र लेना जरूरी है।’’ रमेश ने यह भी कहा कि छात्रों की जो मांगें हैं, उन पर भी विचार होना चाहिए। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान मुंबई में ‘फ्री कश्मीर’ वाले पोस्टर पर उन्होंने कहा कि जो भी कानून के दायरे से बाहर होगा, कांग्रेस उसके खिलाफ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।