नई दिल्ली : आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष हरी कृष्ण जिंदल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर शीला दीक्षित ने आदर्श नगर जिला कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात की परिचायक है कि दिल्ली में कांग्रेस एकता और एकजुटता के साथ भ्रष्ट और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ मैदान में उतर पड़ी है।
कार्यकर्ता हमेशा से कांग्रेस की असली ताकत रहे हैं। हम मिलकर देश और दिल्ली में विघटनकारी और समाज विरोधी ताकतों को जड़ मूल से समाप्त करेंगे। शीला दीक्षित ने कहा कि आप सभी का जोश और हौंसला अब जल्द ही दिल्ली वासियों को भाजपा और आप के निकम्मेपन से अवश्य छुटकारा दिलायेगा। हम सब मिलकर दिल्ली की जनता के सहयोग से दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त कर केंद्र में अपने नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान करेंगे।
वहीं आदर्श नगर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हरि कृष्ण जिंदल ने कहा कि खोखले वादों और जुमलेबाजी वाली भाजपा सरकार की सत्ता से विदाई की शुरुआत देश की राजधानी दिल्ली से ही प्रारंभ होगी, दिल्ली वासी ऐसा मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी और सीलिंग की वजह से दिल्ली और दिल्लीवासियों के जीवन को तहस-नहस करके रख दिया है। रही सही कसर दिल्ली की आप सरकार के चार साल के शासनकाल ने पूरी कर दी है।
जिंदल ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद करते हुए अपनी प्रदेश अध्यक्ष और समस्त नेताओं को विश्वास दिलाया की जिले के समस्त कार्यकर्ता शीला दीक्षित के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को विजय दिलाएंगे। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से दिल्ली के प्रभारी पी.सी.चाको एवं कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ, देवेन्द्र यादव और राजेश लिलौथिया, दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी सहित हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।