प्याज की महंगी कीमतों पर कांग्रेस का आक्रोश प्रदर्शन - Punjab Kesari
Girl in a jacket

प्याज की महंगी कीमतों पर कांग्रेस का आक्रोश प्रदर्शन

केजरीवाल सरकार व केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा

राजधानी में आसमान छू रही प्याज की कीमतों के लिए जिम्मेदार केजरीवाल सरकार व केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के नेतृत्व में आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गले में प्याज की माला पहनी थी। साथ ही हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी हुई तख्तियां थीं, जिस पर ‘केजरीवाल सरकार हाय-हाय”, ‘सस्ती प्याज जो न दे सके वो सरकार निकम्मी है, जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है”, ‘केजरीवाल का अंधाराज, मंहगी सब्जी, महंगी प्याज”, ‘देखो केजरीवाल व भाजपा का खेल, प्याज पहुंचाई 100 के पार” आदि नारे लिखे थे। 
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने इस मौके पर कहा कि आज राजधानी दिल्ली में प्याज की कीमतें 100 रुपए किलो तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग भाजपा व दिल्ली सरकार को कोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा व आप पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं, कि 1998 में इस महंगी प्याज के कारण ही दिल्ली की जनता ने भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका था। उन्होंने कहा कि आज फिर दिल्ली के लोगों से आह्वान करता हूं कि वो आप की सरकार को उखाड़ फेंके। 
इस मौके पर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने चेतवानी दी है कि यदि प्याज की कीमतें कम नहीं की गई तो प्रदेश कांग्रेस दिल्ली सचिवालय व मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली में चक्का जाम किया जाएगा।  प्रदर्शनकारियों में मुख्यरूप से पूर्व सांसद परवेज हाशमी, महाबल मिश्रा, शर्मिष्ठा मुखर्जी, एआईसीसी सचिव मनीष चतरथ, राजेश लिलोठिया, मतीन अहमद, जितेन्द्र कोचर, जिलाध्यक्ष हरी किशन जिंदल, कैलाश जैन, मो. उस्मान, दिनेश कुमार, राकेश चौहान सहित तमाम ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।