नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में लाखों की संख्या में रहने वाले पूर्वांचलियों की तुलना बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं से करने और उन्हें दिल्ली से बाहर निकालने की बात कहकर उनका घोर अपमान किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को बदरपुर क्षेत्र के मीठापुर चौक पर वरिष्ठ भाजपा नेता और तीसरी विधानसभा के सर्वश्रेष्ठ विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंका।
भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल ने एनआरसी मामले में पूर्वांचल के लोगों की तुलना बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं से की। इन लाखों लोगों को दिल्ली से बाहर निकालने की बात कहकर इनका घोर अपमान किया है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्वांचल के लोगों के बगैर दिल्ली की तस्वीर पूरी नहीं हो सकती।
इस शहर को बनाने में पूर्वांचल के लोगों का भी खून पसीना लगा हुआ है। वे हिन्दुस्तान के सम्मानित नागरिक हैं और दिल्ली पर उनका हक है। बिधूड़ी ने केजरीवाल से मांग की है कि वे अपने शर्मनाक बयान के लिए लाखों पूर्वांचल के लोगों से माफी मांगे। यदि केजरीवाल ने माफी नहीं मांगी तो इस मुद्दे पर उनके खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन में बिधूड़ी के अलावा भाजपा के जिला प्रभारी सत्यनारायण गौतम, जिलाध्यक्ष रोहताश कुमार, सेंट्रल जोन के चेयरमैन निगम पार्षद केके शुक्ला, निगम पार्षद अनामिका मिथिलेश सिंह, निगम प्रसाद बिरेन्द्री महेश अवाना, ओबीसी जिला प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गगन कसाना, आत्माराम पांचाल और सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।