भाजपा बिना दूल्हे की बारात : संजय सिंह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा बिना दूल्हे की बारात : संजय सिंह

संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा तो इसका मतलब केजरीवाल जी के खिलाफ आपके पास कोई नहीं, बिना

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के द्वारा रविवार को एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में सीएम पद के उम्मीदवार के नाम पर मनोज तिवारी की घोषणा करने के बाद दिल्ली की राजनीति में एकाएक हलचल मच गई। हालांकि दो घंटे बाद केंद्रीय मंत्री द्वारा अपने बयान पर यू-टर्न लेने पर आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हरदीप पुरी दो घंटे में मैदान छोड़ कर भाग गए।
आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि तो इसका मतलब केजरीवाल जी के खिलाफ आपके पास कोई नहीं, बिना दूल्हे की बारात, आपका मुख्यमंत्री उम्मीदवार दो घंटे में ही मैदान छोड़कर भाग गया या बीजेपी को उनकी प्रतिभा पर भरोसा नहीं है। वहीं दूसरे ट्वीट में संजय सिंह ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी दिल्ली की जनता जानना चाहती है अरविंद केजरीवाल के सामने आपका चेहरा कौन है। 
आपने तिवारी का नाम बताया भी और दो घंटे में मैदान छोड़ कर भाग गए, क्या चुनाव से बीजेपी ने केजरीवाल को वॉक ओवर दे दिया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को  सीएम का चेहरा बताया। केंद्रीय मंत्री  के बयान के बाद आप ने स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर पर मनोज तिवारी को बधाई भी दी। 
प्रेस वार्ता में आप नेता संजय सिंह ने मनोज तिवारी को बधाई दी और कहा कि अब पार्टी 2015 के विधानसभा चुनाव में सीटें जीतने का रिकॉर्ड तोड़ेगी और प्रचंड बहुमत से 2020 में दिल्ली में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट कर दिया है कि मनोज तिवारी भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं। उनके नेतृत्व में ही भाजपा दिल्ली का चुनाव लड़ेगी। अब तस्वीर बिल्कुल साफ है। 
दिल्ली में एक तरफ अरविंद केजरीवाल जी हैं। जिन्होंने दिल्ली की जनता को सुविधाएं और विकास के लिए काम किया है। दूसरी तरफ मनोज तिवारी का चेहरा है, जिन्होंने कहा है कि दिल्ली में दो सौ यूनिट बिजली की योजना खत्म होगी। बस में महिलाओं की फ्री यात्रा खत्म करेंगे। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है, जबकि मनोज तिवारी सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझे रहे हैं। बता दें 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।