दिल्ली : सीलिंग पर सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे भाजपा नेता - Punjab Kesari
Girl in a jacket

दिल्ली : सीलिंग पर सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे भाजपा नेता

NULL

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा आज बुलाई गई सभी दलों की बैठक में भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के नेता भी शामिल होंगे। यह बैठक अवैध व्यावसायिक संपत्तियों के खिलाफ जारी सीलिंग अभियान के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा बनाई गई निरीक्षण समिति के सदस्यों के साथ होगी। भाजपा विधायक और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा, ”मैं बैठक में जाऊंगा। हमारी पार्टी की दिल्ली इकाई भी अपने प्रतिनिधियों को भेजेगी।” भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि वह बैठक में जाने के लिए तैयार हैं हालांकि उन्हें इसका कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला । केजरीवाल द्वारा इस महीने की शुरुआत में अपने आवास पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भाजपा शामिल नहीं हुई थी।

मनोज तिवारी समेत पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया था कि पिछले महीने सीलिंग पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री के आवास पर जाने के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनपर ”हमला” किया था। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि पार्टी का तीन सदस्यीय दल बैठक में शामिल होगा। माकन इसमें नहीं जाएंगे। वह इस मुद्दे पर पहली बार बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए थे।

पिछले साल 17 दिसंबर को निरीक्षण समिति द्वारा शुरू किया गया सीलिंग अभियान नगर निकाय चला रहे हैं। यह समिति उन कारोबारी प्रतिष्ठानों को सील कर रही है जो व्यावसायिक कार्यों के लिए आवासीय संपत्ति का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही उन व्यावसायिक परिसरों को भी सील किया जा रहा है जो मास्टर प्लान 2021 के मुताबिक परिवर्तन शुल्क जमा करने में असफल हुए हैं।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।