किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए भाजपा ने रची थी गणतंत्र दिवस पर हिंसा की साजिश - AAP - Punjab Kesari
Girl in a jacket

किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए भाजपा ने रची थी गणतंत्र दिवस पर हिंसा की साजिश – AAP

आम आदमी पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान

आम आदमी पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा की साजिश भाजपा ने दिल्ली पुलिस की मदद से रची थी ताकि किसानों के आंदोलन को बदनाम किया जा सके। 
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली भाजपा के महासचिव हर्ष मल्होत्रा ने दावा किया कि किसानों के प्रदर्शन से असुविधा होने के बावजूद कोई भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ किसी तरह की हिंसा में शामिल नहीं था। 
आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेताओं को ‘सबसे बड़ा राष्ट्र-विरोधी’ करार देते हुए मांग की कि उनके खिलाफ देशद्रोह के मामले दर्ज किये जाने चाहिए और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से इनकी जांच कराई जानी चाहिए। 
आप नेता भारद्वाज ने दावा किया, ‘‘पुलिस और भाजपा ने मिलकर 26 जनवरी और उसके बाद हिंसा की पटकथा लिखी थी। भाजपा ने किसानों के आंदोलन को बदनाम करने के लिए दिल्ली पुलिस की मदद से पटकथा तैयार की थी।’’ 
उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को ‘भाजपा एजेंट’ दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस ने किसानों से बहुत पहले दिल्ली में प्रवेश के लिए मार्च शुरू करने की अनुमति दे दी। 
भारद्वाज ने दावा किया, ‘‘भाजपा के निर्देशों पर दिल्ली पुलिस ने इस शख्स को लाल किले में पहुंचने और नुकसान पहुंचाने दिया। भाजपा और दिल्ली पुलिस ने इस व्यक्ति को लाल किले पर निशान साहिब का झंडा भी लगाने दिया।’’ 
आप नेता ने आरोप लगाया कि शनिवार को ‘भाजपा के गुंडों’ ने सिंघू तथा टिकरी सीमाओं पर किसानों पर हमले किये और ऐसा करने वाले स्थानीय लोग नहीं थे। 
आप नेता संजय सिंह ने भी आरोप लगाया कि लाल किले की घटना के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ है। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेताओं पर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। 
उन्होंने कहा, ‘‘नौ तय रास्तों में से सात पर ट्रैक्टर परेड पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। बाकी रास्तों पर भाजपा समर्थक इसमें शामिल हो गये और हिंसा भड़काई।’’ 
सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी अंतिम सांस तक किसानों के साथ खड़े रहेंगे। 
उन्होंने कहा, ‘‘किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ हमारी लड़ाई संसद से सड़कों तक जारी रहेगी।’’ 
दिल्ली भाजपा के महासचिव मल्होत्रा ने कहा कि 26 जनवरी के बाद से आप नेताओं का बर्ताव दिखाता है कि आप अब आम आदमी पार्टी नहीं बल्कि ‘अनार्की एडवोकेट्स पार्टी’ यानी अराजकता के हिमायतियों की पार्टी हो गयी है। 
उन्होंने कहा कि हिंसा में कोई भाजपा कार्यकर्ता शामिल नहीं था लेकिन चिंता की बात है कि आप पार्षद अजय शर्मा समेत बड़ी संख्या में इस पार्टी के कार्यकर्ताओं को ट्रैक्टर परेड में शामिल देखा गया जिसके कारण 26 जनवरी को हिंसा हुई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 + eleven =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।