सिख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में मिली जगह, BJP ने गांधी परिवार पर बोला हमला

गौरव भाटिया ने कहा कि सिख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर को पार्टी कमेटी में शामिल कर गांधी

1984 के सिख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर को कांग्रेस ने दिल्ली पार्टी कमिटी में स्थायी सदस्य के तौर पर जगह दी है। पार्टी के इस फैसले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी एक बार फिर आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस के इस फैसले को लेकर बीजेपी ने गांधी परिवार पर हमला करते हुए कहा कि गांधी परिवार ने पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि 1984 में कांग्रेस पार्टी और इसके जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार जैसे वरिष्ठ नेताओं ने दंगा कराया था और जगदीश टाइटलर को इस कमेटी में शामिल कर गांधी परिवार ने पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। 
गांधी परिवार और कांग्रेस पर पीड़ित परिवारों का दर्द बांटने की बजाय जख्मों को कुरेदने का आरोप लगाते हुए गौरव भाटिया ने पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी से यह सवाल किया कि वो बताएं कि कांग्रेस की इस नई लिस्ट पर उनकी क्या राय है ? क्या वो इस नियुक्ति से सहमत है?
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के प्रयासों की वजह से ही सज्जन कुमार को सजा मिली है और जब तक 1984 दंगों में पीड़ित सभी सिख परिवारों को एक-एक मामले में इंसाफ नही मिल जाता है तब तक बीजेपी इंसाफ के लिए मुहिम को चलाती रहेगी। क्या यह पंजाब विधान सभा चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बनेगा के सवाल का जवाब देते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा इसे चुनावी मुद्दा कह कर उठाना पीड़ित परिवारों के साथ नाइंसाफी है लेकिन बीजेपी इसे अहम मुद्दा मानती है और इन्हें इंसाफ दिलाने की लड़ाई जारी रखेगी।
सोनिया गांधी ने टाइटलर को दिल्ली कांग्रेस कमिटी में शामिल किया
बता दें कि गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने टाइटलर को प्रदेश कांग्रेस कमिटी में शामिल किया। जगदीश टाइटलर के साथ ही पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव जनार्दन द्विवेदी और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों कपिल सिब्बल, अजय माकन और कृष्णा तीरथ को भी जगह दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।