नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के आगामी पूर्ण सत्र से पहले एक संचालन समिति गठित की है जो कांग्रेस कार्यकारी समिति के स्थान पर काम करेगी। यह घोषणा आज पार्टी ने की। इस 34 सदस्यीय समिति में खुद पार्टी अध्यक्ष, उनकी मां एवं संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी के महासचिव शामिल हैं। समिति की कल यहां बैठक होगी। बैठक में नेताओं द्वारा पूर्ण सत्र के कार्यक्रम पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि पूर्ण सत्र पांच मार्च को संसद शुरू होने से पहले होने की संभावना है जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की पदोन्नति की अभिपुष्टि की जा सकती है।
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संविधान के अनुच्छेद X V (v ii) (b) के अनुरूप एक संचालन समिति गठित की है। संचालन समिति कार्यकारी समिति के स्थान पर काम करेगी। संचालन समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेता ए.के एंटनी, अहमद पटेल, दिग्विजय सिंह, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, जनार्दन द्विवेदी, ऑस्कर फर्नांडिस, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिन्दे, पी चिदंबरम, आनंद शर्मा तथा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी शामिल हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।