जंतर-मंतर पर मुस्लिम विरोधी नारेबाजी का मामला : भाजपा के पूर्व प्रवक्ता, पांच अन्य गिरफ्तार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जंतर-मंतर पर मुस्लिम विरोधी नारेबाजी का मामला : भाजपा के पूर्व प्रवक्ता, पांच अन्य गिरफ्तार

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम विरोधी नारेबाजी से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को अधिवक्ता

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम विरोधी नारेबाजी से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को अधिवक्ता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) दीपक यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान अश्विनी उपाध्याय, प्रीत सिंह, दीपक सिंह, दीपक कुमार, विनोद कुमार और विनीत बाजपेई के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि इन लोगों को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार किया गया।
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम विरोधी नारे लगाने संबंधी एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इस संबंध में मामला दर्ज किया।
यादव ने कहा, ‘‘बैंक ऑफ बड़ौदा के पास आयोजित एक कार्यक्रम में भड़काऊ नारेबाजी करने के मामले में कनॉट प्लेस थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘उपाध्याय प्रदर्शन के आयोजक थे। उन्हें प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई। किसी सभा में कोई गैरकानूनी गतिविधि होती है, तो ऐसी किसी भी सभा के आयोजक को अन्य लोगों के साथ जिम्मेदार ठहराया जाता है जो इसका हिस्सा थे।’’
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा), 153 ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), 269 (लापरवाह कृत्य से खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना) और 270 (घातक कार्य से खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना) तथा महामारी और आपदा प्रबंधन कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दो महिलाओं सहित पांच लोगों के एक समूह ने भी जामिया नगर थाने में उपाध्याय और अन्य के खिलाफ भड़काऊ नारेबाजी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
‘भारत जोड़ो आंदोलन’ की ओर से रविवार को जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ की प्रवक्ता शिप्रा श्रीवास्तव ने कहा था कि प्रदर्शन उपाध्याय के नेतृत्व में हुआ था। हालांकि उन्होंने मुस्लिम विरोधी नारे लगाने वालों से किसी प्रकार के संबंध से इनकार किया है। उपाध्याय ने भी मुस्लिम विरोधी नारेबाजी की घटना में शामिल होने से इनकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eleven − 7 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।