देहरादून : प्रदेश में जीका वायरस के कारण स्वास्थ्य मंत्रालय ने अलर्ट जारी कर दिया है। केंद्रीय सचिव ने प्रदेश को वायरस से सचेत रहने का निर्देश जारी किया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने सभी सीएमओ को अलर्ट रहने के लिए निर्देश दिया है। केंद्रीय सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डीजी हेल्थ को भी सूचित किया है। जीका वायरस मच्छरों से फैलने वाली बीमारी है।
जीका वायरस से पीड़ित के जोड़ो में दर्द, बुखार और सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इस वायरस से अलर्ट रहने के लिए सभी जिलों के अस्पतालों को एहतियात बरतने को कहा है। मरीजों में वायरस के लक्षण पाए जाने पर तुरंत अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने के आदेश जारी किए हैं।
वायरस की जांच के लिए पुणे या दिल्ली में सैंपल भेजा जा सकता है। प्रदेश में मौसम बदलने के साथ अब स्वाइन फ्लू का खतरा भी बढ़ने लगा है। वायरस से बचने के लिए सभी स्कूलों को एहतियात को कहा गया है। लोगों को इन वायरसों के बारे में जागरुक किया जा रहा है। साथ ही स्वाइन फ्लू से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं।