नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने का कार्यक्रम शुरू कर दिया है। इसके लिए अजय माकन ने ‘अध्यक्ष आपके द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। नई दिल्ली जिले से शुरू हुए इस कार्यक्रम में अजय माकन कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनसे मिलेंगे। इस दौरान कांग्रेस के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी खुद अजय माकन द्वारा किया जाएगा।
‘अध्यक्ष आपके द्वार’ कार्यक्रम को कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों की तैयारियों के रूप में देख रही है। खुद प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि जो भी चुनाव पहले होंगे उनकी तैयारी के रूप में इस कार्यक्रम को देखा जा सकता है, भले ही वह लोकसभा चुनाव हों या विधानसभा चुनाव। अजय माकन ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत पहले जिलाध्यक्ष अपने इलाके में जाकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हैं और उनकी एक लिस्ट तैयार की जाती है।
इस कड़ी में अभी तक नारायणा विहार, राजेंद्र नगर के कार्यकर्ताओं के घर जाकर अजय माकन ने उनसे मुलाकात की है। अजय माकन ने बताया कि इस रविवार को भी वे जंगपुरा और जूड़बाग के कार्यकर्ताओं के घर जाकर मुलाकात करेंगे। माकन ने बताया कि उनकी कोशिश है कि स्लम कॉलोनी, अर्बन विलेज और जेजे क्लस्टरों में जाकर फिर से कांग्रेस के खोए हुए वोटर को कांग्रेस की ओर वापस लाया जाए।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सज्जन चौधरी