JNU चुनाव में AISA-DSF की शानदार जीत, ABVP को भी मिला एक पद, जानें क्या बोले छात्र नेता? - Punjab Kesari
Girl in a jacket

JNU चुनाव में AISA-DSF की शानदार जीत, ABVP को भी मिला एक पद, जानें क्या बोले छात्र नेता?

JNU चुनाव: AISA-DSF की जीत पर छात्र नेताओं की प्रतिक्रिया

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में AISA-DSF गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार ने 1702 वोटों से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर मनीषा और महासचिव पद पर मुन्तेहा फातिमा चुनी गईं। एबीवीपी ने संयुक्त सचिव पद पर विजय प्राप्त की और काउंसलर स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में हुए छात्र संघ चुनाव 2024-25 के नतीजे सामने आ गए हैं। इस बार भी लेफ्ट गठबंधन (AISA-DSF) का दबदबा देखने को मिला है। लेफ्ट ने अध्यक्ष समेत तीन बड़ी सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, ABVP ने संयुक्त सचिव की सीट पर कब्जा किया और कई काउंसलर सीटों पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। चुनाव के लिए 25 अप्रैल (शुक्रवार) को मतदान हुआ था। इस दौरान करीब 70% छात्रों ने वोट डाले, जो छात्र राजनीति में मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपनी जीत पर कहा, “हम छात्रों और उनके कल्याण के लिए काम करना जारी रखेंगे।”

कौन कितने वोटों से जीता

अध्यक्ष पद पर AISA के नीतीश कुमार ने जीत दर्ज की। उन्हें 1702 वोट मिले, जबकि ABVP उम्मीदवार शिखा को 1430 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर DSF की मनीषा और महासचिव पद पर मुन्तेहा फातिमा चुनी गई हैं। संयुक्त सचिव पद पर ABVP के वैभव मीना ने जीत दर्ज की। उन्हें 1518 वोट मिले।

ABVP

एबीवीपी का शानदार प्रदर्शन

लेफ्ट ने भले ही शीर्ष पदों पर जीत हासिल की हो, लेकिन एबीवीपी ने काउंसलर स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। संगठन का दावा है कि उसने 44 काउंसलर सीटों में से 23 पर जीत हासिल की है। स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज में एबीवीपी ने 25 साल बाद 2 सीटें जीती हैं, जिसे संगठन के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में भी एबीवीपी ने 5 में से 2 सीटें जीती हैं।

क्या बोले छात्र नेता

जेएनयूएसयू चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर चुनी गईं मनीषा ने कहा, “इस जीत का श्रेय विश्वविद्यालय को जाता है। जेएनयू लाल था और लाल रहेगा। हमने हमेशा छात्रों के लिए काम किया है और उनकी आवाज उठाई है। हम भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।” जेएनयूएसयू चुनाव में नवनिर्वाचित महासचिव मुन्तेहा फातिमा ने जीत के बाद कहा, “हम छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।” जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) चुनाव में संयुक्त सचिव पद पर नवनिर्वाचित वैभव मीना ने कहा, “हमें एक दशक के बाद यह जीत हासिल हुई है। अगले चुनाव में एबीवीपी सभी चार सीटों पर जीत हासिल करेगी।”

रोहिणी अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख, हर संभव मदद का वादा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 2 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।