भाजपा के झूठ के खिलाफ आप मनाएगी धोखा दिवस - Punjab Kesari
Girl in a jacket

भाजपा के झूठ के खिलाफ आप मनाएगी धोखा दिवस

दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी पूरे एक्शन में दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी पूरे एक्शन में दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी के झूठ के खिलाफ आम आदमी पार्टी राजधानी दिल्ली में धोखा दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता आतिशी ने बताया कि भाजपा शासित केंद्र सरकार कच्ची काॅलोनियों को पक्का करने के नाम पर दिल्ली की कच्ची कालोनियों में रहने वाली जनता के साथ धोखा कर रही है। 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने हाल ही में एक बयान जारी करते हुए कहा था कि भाजपा 6 महीने के भीतर दिल्ली की सारी कच्ची कॉलोनियों को पक्का करेगी। मनोज तिवारी के इस बयान पर आतिशी ने पलटवार करते हुए कहा कि क्या अब भाजपा भी कांग्रेस बन गई है? 
क्योंकि कांग्रेस हमेशा चुनाव से पहले कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का वादा करती रही है। आज भाजपा भी वही काम कर रही है। दिल्ली की जनता को एक लुभावना सपना दिखा रही है। 6 महीने के भीतर दिल्ली का चुनाव निकल जाएगा और उसके बाद भाजपा का कोई इरादा नहीं है दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का।
आतिशी ने तिवारी पर दागे सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी से प्रश्न पूछते हुए आतिशी ने कहा कि गत 23 जुलाई को भाजपा के केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा था कि दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है सभी संबंधित विभागों को दिल्ली सरकार को उपराज्यपाल को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और 1 महीने के भीतर दिल्ली की कच्ची कॉलोनियां पक्की हो जाएंगी। हम मनोज तिवारी से पूछना चाहते हैं कि जब उन्हीं के केंद्रीय मंत्री ने 1 महीने में दिल्ली की सारी कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का वादा किया था किस आधार पर 6 महीने का समय मांग रहे हैं।
कच्ची कॉलोनियां पक्का करने वाली बात पर घेरा  
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमारे लिए यह सच्चाई जनता तक पहुंचाना बेहद ही मुश्किल था कि दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों को अब पक्का किया जा सकता है। परंतु केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने खुद ही यह सच्चाई जनता के सामने 23 जुलाई को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से रख दी थी। 
उन्होंने साफ कर दिया था कि कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने की राह में अब कोई अड़चन नहीं है और 1 महीने में केंद्र सरकार सभी कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने वाली है। अब केंद्र सरकार यह बहाना नहीं बना सकती कि अरविंद केजरीवाल नहीं करने दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।