नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूर्ण राज्य के नाम पर दिल्लीवालों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्ण राज्य के दर्जें का नाम लेकर चुनाव लड़ रही है लेकिन खुद मुख्यमंत्री दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं दिलाना चाहते। उन्होंने दिल्ली में ऐसी परिस्थिति पैदा कर दी है कि यहां काम करना दूभर हो गया है। केजरीवाल हर काम को रोक देते हैं। वह एलजी, नेता, अधिकारी सहित सभी के खिलाफ बोलते हैं।
जबकि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी। नियम के तहत काम करना होगा। उन्होंने कहा कि 2015 में चुनाव जीतने के बाद जब दिल्ली को लंदन-पेरिस बनाने की बात कर रहे थे तब क्या उन्हें मालूम नहीं था कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा भी नहीं है। लोकपाल के विषय पर 49 दिन की सरकार से इस्तीफा दे दिया।
जब उन्हें पता था कि पूर्ण राज्य का दर्जा न होने के कारण वे काम नहीं कर सकते तो इस्तीफा दे देते कोई दूसरी सरकार केन्द्र के सहयोग से अच्छा काम करती। विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल का हठ, और अपने-आप को प्रधानमंत्री से कम नहीं समझने के कारण दिल्ली का बहुत नुकसान हुआ है।
झूठ बोल रहे हैं सीएम
विजय गोयल ने कहा कि वर्तमान में आप के लोकसभा में चार एमपी है। जिसमें से दो छोड़कर चले गए, जबकि पूर्ण राज्य के दर्जे के लिए दो तिहाई सांसद लोक सभा और राज्य सभा में चाहिए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं कि कांग्रेस से गठबंधन कर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिला देंगे जबकि उनके पास भी उक्त नंबर नहीं है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने दिल्ली के लिए संघर्ष किया और दिल्ली की विधानसभा भी भाजपा के कारण ही बनी। केजरीवाल ने दिल्ली के लिए कभी संघर्ष नहीं किया।
हम दिलाएंगे पूर्ण राज्य का दर्जा
विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा हम इसलिए चाहते हैं कि दिल्ली में अगर इस कारण से कोई विकास नहीं हो पा रहा हो तो वह विकास हो। दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे के मामले में केजरीवाल ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई।