नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने सफाई कर्मचारियों को लेकर कई वादे किए, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। सरकार द्वारा सफाई कर्मचरियों के साथ किए गए छलावे को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 12 जोनों से आए सफाई कर्मचारी संगठनों के साथ गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला भी दहन किया।
इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सफाई कर्मचारियों के लिए बहुत सी घोषणाएं की, लेकिन पिछले साढ़े चार साल में केजरीवाल सरकार ने सफाई कर्मचारियों से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं किया। केजरीवाल सत्ता पाने के लिए एक बार फिर से तालकटोरा स्टेडियम में अधिकार दिवस का आयोजन कर वादे करने की तैयारी कर रहे थे।
लेकिन दिल्ली के सफाई कर्मचारियों के साथ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समर्थन से केजरीवाल के निवास पर छलावा दिवस के रूप में धरना प्रदर्शन करने के कार्यक्रम की सूचना दे दी। जिसके बाद केजरीवाल ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से वादा किया था कि सत्ता में आते ही वह सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करेगी पर आज भी दिल्ली में सफाई का कार्य ठेकेदारी प्रथा के अनुसार ही चल रहा है।
कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा झूठा निकला। भाजपा और केजरीवाल के सफाई कर्मचारियों के प्रति उदासीन रवैये के खिलाफ दिल्ली नगर निगम के 12 जोनों में आई हेट केजरीवाल कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक चरण सिंह कंडेरा, वीर सिंह धींगान, अरविन्दर सिंह लवली, कुवंर करण सिंह सहित अन्य लोग थे।