नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस लोकसभा-2019 के लिए चुनावी रण में उतर चुकी है। गुरुवार को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित की अगुवाई में सात कमेटियों का गठन कर दिया गया। ये कमेटियां लोकसभा चुनाव की दिल्ली में रणनीति तैयार करेंगी। शीला दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी चुनाव समिति सहित कुल सात समितियों से जुड़े पदाधिकारियों की घोषणा की गई है।
कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के लिए चुनाव समिति, घोषणा-पत्र समिति, चुनाव प्रबंधन टीम, कैंपेन समिति, पब्लिसिटी समिति, समन्वय समिति, मीडिया सह-समन्वय समिति की भी नियुक्ति की है। प्रदेश चुनाव समिती का अध्यक्ष शीला दीक्षित को बनाया गया है।
इसमें हारून यूसुफ, राजेश लिलोठिया, देवेंद्र यादव, अजय माकन, जेपी अग्रवाल, कपिल सिब्बल, सुभाष चोपड़ा, अरविंदर सिंह लवली, करण सिंह, जनार्दन द्विवेदी, परवेज हाशमी, महाबल मिश्रा, संदीप दीक्षित, रमेश कुमार, योगानंद शास्त्री, मंगतराम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, मतीन अहमद, जितेंद्र कोचर सहित 32 लोग इसमें शामिल हैं। घोषणा-पत्र समिति का अध्यक्ष अजय माकन और उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव को बनाया गया है। इसमें तीन अहम संयोजक होंगे। इस समिति में कुल 24 सदस्य हैं। चुनाव प्रबंधन कमेटी में शीला दीक्षित, अजय माकन, हारून यूसुफ, राजेश लिलोठिया और देवेंद्र यादव शामिल हैं।
समन्वय समिति (कॉर्डिनेशन कमेटी) की अध्यक्ष शीला दीक्षित, उपाध्यक्ष एके वालिया, संयोजक देवेंद्र यादव और सह संयोजक राजकुमार चौहान हैं। समन्वय समिति के सदस्यों में करण सिंह, परवेज हाशमी, जनार्दन द्विवेदी, जेके जैन, जेपी अग्रवाल, अजय माकन, कपिल सिब्बल, संदीप दीक्षित, महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, सुभाष चोपड़ा, अरविंदर सिंह लवली सहित 18 सदस्य हैं। पब्लिसिटी कमेटी में सोमेश शौकीन अध्यक्ष, जितेंद्र कोचर संयोजक और राजेंद्र शर्मा सह-सहयोजक के अलावा 71 अन्य सदस्य भी शामिल हैं। मीडिया समन्वय समिति का अध्यक्ष रमाकांत गोस्वामी को और संयोजक ओनिका मेहरोत्रा को बनाया गया है। इसमें कुल 53 सदस्य हैं।
चुनाव प्रचार की कमान सुभाष चोपड़ा के हाथों में…
चुनाव प्रचार समिति में सुभाष चोपड़ा अध्यक्ष और परवेज हाशमी उपाध्यक्ष हैं। सुभाष चोपड़ा पर पार्टी ने भरोसा जताया है। तभी सबसे प्रमुख समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष को ही दिल्ली में नम्बर-2 का दर्जा हासिल होता है। यानी की अब दिल्ली में नम्बर-2 अजय माकन नहीं बल्कि सुभाष चोपड़ा होंगा। कांग्रेसियों का मानना है कि सुभाष चोपड़ा पार्टी के लिए लकी भी हैं। उनकी अगुवाई में ही एक समय नगर निगम में 134 में से 109 सीटों पर कब्जा किया था।
समिति के समिति के सदस्यों में डॉ. करण सिंह, जनार्दन द्विवेदी, जेके जैन, जेपी अग्रवाल, अजय माकन, कपिल सिब्बल, संदीप दीक्षित, महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, विश्व बंधु गुप्ता, अरविंदर सिंह लवली, एके वालिया, योगानंद शास्त्री, राजकुमार चौहान, रमाकांत गोस्वामी सहित कुल 77 सदस्य हैं। यह समिति सबसे बड़ी समिति है।
शर्मिष्ठा ने मीडिया प्रमुख पद से इस्तीफा दिया
कांग्रेस लीडर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने दिल्ली मीडिया प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि वह कांग्रेस में बनी रहेंगी। मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव के मुद्देनजर बनी कमेटियों में जगह नहीं मिलने से नाराज हैं। बता दें कि शर्मिष्ठा मुखर्जी पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की बेटी हैं। लोकसभा चुनाव में दिल्ली मीडिया कोर्डिनेशन कमेटी शर्मिष्ठा की जगह रमाकांत गोस्वामी को जगह मिली है। इसी के चलते शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इस्तीफा दिया है। फिलहाल वो दिल्ली महिला मोर्चे की अध्यक्ष बनी रहेंगी।