35 छात्रों ने पहले ही प्रयास में पास की मेडिकल और इंजीनियरिंग की परीक्षा

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि आप सरकार की योजना के तहत मुफ्त कोचिंग पाने वाले वंचित तबके

नई दिल्ली : दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम ने सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार की योजना के तहत मुफ्त कोचिंग पाने वाले वंचित तबके के 35 छात्रों ने इस साल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) पास की है। गौतम ने कहा कि इनमें से चार छात्र आईआईटी दिल्ली, नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी संस्थान, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (दिल्ली) और आईआईटी बीएचयू जैसे नामचीन तकनीकी संस्थानों में दाखिला लेने में सफल रहे। 
गौतम ने कहा कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है। इस मौके पर दाखिला लेने वाले विजय कुमार, अमरजीत, सागर सिंह और हिमांशु भी प्रेस वार्ता में राजेंद्र पाल गौतम के साथ उपस्थित रहे। गौतम ने कहा कि ये छात्र बेहद कम कमाई वाले परिवारों तथा अनुसूचित जातियों से संबंध रखते हैं और निजी कोचिंग संस्थानों की फीस नहीं दे सकते। 
दिल्ली सरकार उन्हें दाखिला दिलाने के लिए वित्तीय मदद दे रही थी। जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के तहत 107 छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की परीक्षा के लिए मुफ्त कोचिंग दी गई जिनमें से 13 छात्रों ने जेईई-मेन और 22 छात्रों ने नीट की परीक्षा पास की। उन्होंने कहा कि 4963 छात्रों को दिल्ली सरकार की ओर से विभिन्न प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए मुफ्त में कोचिंग की सुविधा दी थी, जिनमें से 107 छात्रों ने इस वर्ष मेडिकल और इंजीनियरिंग की परिक्षाओं में हिस्सा लिया था। 
जिनमें से 35 छात्रों ने परीक्षा पास कर ली है। निजी संस्थानों के प्रतिनिधि दिल्ली सरकार के स्कूलों में गए थे, जहां उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से बात कर कोचिंग देने के लिए छात्रों का चयन किया था। दिल्ली सरकार की ओर से कोचिंग दिलवाने वाले छात्रों में 75 प्रतिशत छात्र सरकारी स्कूलों के थे, जबकि 25 प्रतिशत छात्र अन्य स्कूलों के थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।