23 को बारिश होने पर बढ़ेगी ठंड - Punjab Kesari
Girl in a jacket

23 को बारिश होने पर बढ़ेगी ठंड

NULL

नई दिल्ली : दिल्ली और उत्तर भारत के कई राज्यों में आगामी 23 जनवरी को बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण ऐसी स्थिति बनने जा रही है। अनुमान है कि बरसात के बाद एक बार फिर से ठिठुरन वाली सर्दी पड़ेगी। राजधानी में गुरुवार की सुबह कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा। आलम यह रहा कि नौकरीपेशा लोग अपने काम पर देरी से पहुंचे, वहीं स्कूलों में दिल्ली में बाहरी राज्यों से कैब से आने वाले शिक्षक भी स्कूल देरी से पहुंचे। कोहरे के कारण वाहनों की गति मंद पड़ गई। शुक्रवार की सुबह भी कोहरा जारी रहेगा, लेकिन थोड़ी राहत मिलेगी।

गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.7, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना है। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केन्द्र दिल्ली के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2010 में जनवरी माह के दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा था।

उसके बाद से अब जनवरी माह में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी 23 जनवरी को दिल्ली और आसपास के राज्यों में बरसात होने की संभावना बन रही है। उनके अनुसार दिल्ली के अलावा, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश होगी। इससे एक बार दोबारा से ठंड बढ़ेगी। अनुमान है कि 23 जनवरी की शाम या रात को बारिश होगी। इससे उत्तर भारत के कई हिस्से ठंड की चपेट में आ जाएंगे।

दिल्ली के अन्य केन्द्रों की बात करें तो गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान पालम 26.6 व 9.7, लोधी रोड 27.1 व 6.9, रिज 25.8 व 10.2, आया नगर 27 व 9.4, जाफरपुर 22.9 व 6.2, मुंगेशपुर 22.6 व 5.7 और नरेला में 23.5 व 5.6 डिग्री दर्ज किया। हालांकि अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 22 से 25, जबकि न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, लेकिन कोहरा कम या ज्यादा बना रहेगा।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।