1.43 करोड़ मतदाता करेंगे वोट पर चोट - Punjab Kesari
Girl in a jacket

1.43 करोड़ मतदाता करेंगे वोट पर चोट

आज वोट के बाद उम्मीदवारों का भाग्य EVM में बंद हो जाएगा। राजधानी में 1 करोड़ 43 लाख

नई दिल्ली : दिल्ली के सात लोकसभा सीटों पर आज होने वाले वोट के बाद 164 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। राजधानी में 1 करोड़ 43 लाख 16 हजार 453 मतदाता इन 164 उम्मीदवारों में से अपनी पसंद को ऊंगली (वोट करेंगे) दिखाएंगे। राजधानी में पुरुष मतदाताओं की संख्या 78 लाख 73 हजार 022 हैं जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 64 लाख 42 हजार 762 हैं। वहीं इस बार 669 थर्ड जेंडर वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

दिल्ली के सात लोकसभा क्षेत्रों में 2700 मतदान स्थलों पर 13819 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बार दिल्ली के सात लोकसभा सीटों पर कुल 16 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सभी बड़ी पार्टियों कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में केवल एक-एक महिला उम्मीदवार खड़ा किया है। वहीं दिल्ली में निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 43 हैं। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

यहां पर कुल उम्मीदवारों की संख्या 27 है जबकि उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र से सबसे कम 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली के सातों लोकसभा सीटों के 13,819 बूथों पर ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से मतदान के लिए 25,146, बैलट यूनिट, 13,819 कंट्रोल यूनिट और 13,819 वीवीपैट की सहायता ली जाएगी, जबकि 6,125 बैलेट यूनिट, 4,345 कंट्रोल यूनिट और 5,348 वीवीपैट बैकअप में रखी जाएंगी।

70% मतदान चुनाव आयोग का लक्ष्य… लोकसभा चुनाव के महासमर में इस बार दिल्ली चुनाव आयोग को मत प्रतिशत बढ़ाने पर जोर रहेगा। राजधानी की तपती गर्मी में हर बार लोकसभा चुनाव गर्मी के मौसम में होते है। हालांकि हर बार वोटिंग प्रतिशत में सुधार देखा गया है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि इस बार चुनाव में औसतन 70 फीसदी मत प्रतिशत रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से दिल्ली में हो रहे चुनाव में लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ा है।

वर्ष 2004 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में 47.08 फीसदी मतदान हुआ था। इसमें 49.02 फीसदी पुरुष व 44.57 फीसदी महिलाएं थी। वहीं वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में यह मत प्रतिशत बढ़कर 52.30 फीसदी पहुंच गया था। इसमें 53.64 फीसदी पुरुष व 49.59 फीसदी महिलाएं रही थी। वहीं वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में हुए मतदान का प्रतिशत बढ़कर 65.07 फीसदी पर पहुंच गया था। इसमें 66 फीसदी पुरुष व 63.93 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया था।

2 लाख 54 हजार 723 युवा पहली बार करेंगे वोट…
लोकसभा चुनाव में इस बार युवा वोटर निर्णायक भूमिका में रहेंगे। छठे चरण में होने वाले दिल्ली के चुनाव में 2 लाख 54 हजार 723 युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच है। इनमें 1 लाख 50 हजार 979 युवा पु​रुष मतदाता है, जबकि युवा महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 3 हजार 701 है । वहीं युवा थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 43 हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।