सबसे अधिक बिकने वाली कारों में स्विफ्ट टॉप पर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

सबसे अधिक बिकने वाली कारों में स्विफ्ट टॉप पर

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की हैचबैक स्विफ्ट नवंबर में सबसे ज्यादा बिकने

नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की हैचबैक स्विफ्ट नवंबर में सबसे ज्यादा बिकने वाला यात्री कार मॉडल रहा है। मारुति का ही आल्टो मॉडल पिछले महीने पहले स्थान पर था, जो नवंबर में फिसलकर चौथे स्थान पर आ गया है। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के आंकड़ों के अनुसार, मारुति ने नवंबर में 22,191 स्विफ्ट कारें बेचीं।

एक साल पहले समान महीने में कंपनी ने स्विफ्ट की 13,337 इकाइयों की बिक्री की थी। उस समय सबसे अधिक बिकने वाले मॉडलों की सूची में स्विफ्ट छठे स्थान पर थी। दूसरे स्थान पर मारुति की ही सेडान डिजायर रही। माह के दौरान कंपनी ने डिजायर की 21,037 इकाइयां बेचीं, जबकि नवंबर, 2017 में कंपनी ने 22,492 डिजायर कारें बेची थीं।

मारुति की प्रीमियम हैचबैक बलेनो 18,649 इकाइयों की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर कायम रही। नवंबर, 2017 में कंपनी ने 17,769 बलेनो कारें बेची थीं। कंपनी की प्रवेश स्तर की आल्टो 14,378 इकाइयों के साथ चौथे स्थान पर रही। पिछले साल नवंबर में आल्टो की 24,166 इकाइयों की बिक्री हुई थी और यह शीर्ष पर रही थी।

मारुति की एक अन्य कार विटारा ब्रेजा की बिक्री का आंकड़ा नवंबर में 14,378 इकाई का रहा। सबसे अधिक बिकने वाले यात्री वाहनों की सूची में विटारा ब्रेजा पांचवें स्थान पर रही। नवंबर, 2017 में विटारा ब्रेजा की बिक्री का आंकड़ा 14,458 इकाई पर रहा और यह चौथे स्थान पर थी। छठे स्थान पर भी मारुति की वैगन आर रही।

कंपनी ने इसकी 11,311 इकाइयों की बिक्री की। वैगन आर पिछले साल नवंबर में 14,038 इकाइयों की बिक्री के साथ पांचवें स्थान पर थी। इस तरह सबसे अधिक बिकने वाले शीर्ष दस यात्री वाहनों में पहले छह स्थान पर मारुति के ही मॉडल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।