दिल्ली सरकार द्वारा पेट्रोल की कीमतों में कटौती के ऐलान के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी कर दिए हैं। पेट्रोल पर आठ रुपए की कटौती के बाद आज राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 95.41 रुपए प्रति लीटर हो गयी है। इसके साथ ही डीजल 86.67 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के पंप पर पेट्रोल की कीमत 95.41 रुपए प्रति लीटर पर आ गई जबकि डीजल के दाम 86.67 रुपए प्रति लीटर पर टिके रहे। बात करें एनसीआर इलाके कि तो नोएडा में पेट्रोल की कीमत लगभग दिल्ली के ही समान हैं।
वहीं मुंबई में पेट्रोल और डीजल की दर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुंबई में पेट्रोल के 109.98 रुपए प्रति लीटर और डीजल के 94.14 रुपए प्रति लीटर के रेट हैं। कोलकाता में पेट्रोल 104.67 रुपए और डीजल 89.79 रुपए, चेन्नई में 101.40 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल और 91.43 रुपए प्रति लीटर में डीजल बिक रहा है।
नवंबर में GST कलेक्शन 1.31 लाख करोड़ रुपये, दूसरी बार छुआ सबसे ऊंचा आंकड़ा
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में क्रमश: पांच रुपए तथा 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करने से देश में इसकी कीमतों में कमी आयी थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश, कर्नाटक सहित देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने इन दोनों उत्पादों पर मूल्य वर्धित कर (वैट) में कमी की थी।
कल दिल्ली सरकार ने भी पेट्रोल पंप मालिकों के बढ़ते दबाव में पेट्रोल पर वैट में 30 फीसदी की कटौती करने की घोषणा की जिससे आज दिल्ली में पेट्रोल 8.56 रुपए प्रति लीटर सस्ता हो गया। डीजल पर वैट में कोई कमी नहीं की गयी जिसके कारण डीजल के दाम में कोई बदलाब नहीं आया।
दिल्ली एनसीआर में उत्तर प्रदेश और हरियाणा द्वारा वैट कम किये जाने से पेट्रोल और डीजल दिल्ली से सस्ता हो गया था जिसके कारण राजधानी में इसकी बिक्री पर काफी असर पर रहा था। इसके कारण डीलरों ने सरकार पर वैट कम करने का दबाव बनाया था।


















