पॉपुलर सिंगर, एक्टर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर दानिश अल्फाज को लेकर एक चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है। अब दानिश अल्फाज कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। दानिश अल्फाज पर संगीन आरोप लगे हैं। दरअसल, अब मशहूर मीडिया इंफ्लूएंसर दानिश अल्फाज पर कथित तौर पर बलात्कार और क्रूरता के आरोप लगाए गए हैं।
हैरानी की बात तो ये है कि ये गंभीर आरोप लगाकर सिंगर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवानी वाली महिला खुद उनकी पत्नी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, दानिश अल्फाज की पत्नी हाल ही में ओशिवारा पुलिस स्टेशन पहुंची थीं। जहां उन्होंने दानिश, उनकी मां और उनके भाई को लेकर कई चौंका देने वाले खुलासे किए। इसके साथ ही उन्होंने दानिश अल्फाज पर बलात्कार, अननैचुरल सेक्स, दहेज उत्पीड़न और धोखा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
सिंगर की पत्नी का कहना है कि उनके साथ उन्हीं के घर में बेहद गलत बर्ताव किया जा रहा है। वहीं, इस शिकायत के आधार पर अब दानिश अल्फाज के खिलाफ बलात्कार, अननैचुरल सेक्स, गैरकानूनी रूप से शोषण और मांग, धोखा देना और बाकी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, ऐसी भी खबरें सामने आ रही हैं कि पुलिस के शिकायत दर्ज करने के बाद से ही सिंगर फरार हैं। आपको बता दें कि दानिश अल्फाज सोशल मीडिया पर एक बड़ा नाम बन चुके हैं। साथ ही वो एक फेमस सिंगर भी हैं। दानिश ने अपना पहला गाना पूनम पांडे और शक्ति कपूर की फिल्म ‘द जर्नी ऑफ कर्मा’ के लिए गाया था। इसके अलावा भी वो अब तक कई बड़ी फिल्मों के गानों को अपनी आवाज दे चुके हैं।
वहीं, इंस्टाग्राम पर दानिश को 2 मिलियन से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यहां वो आए दिन खुद से जुड़ी कोई ना कोई अपडेट फैंस के लिए शेयर करते रहते हैं। हालांकि, अब उनसे जुड़ी ये खबर सामने आने के बाद से सिंगर के फैंस हैरान हैं।