बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा के फैंस का इंतजार अब खत्म हो गया है। लंबे समय से अटकी हुई दोनों की फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ अब रिलीज होने जा रही है। अब इस फिल्म का दूसरा ट्रेलर हाल ही में रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के लीड एक्टर अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के पोस्टर की एक तस्वीर साझा करते हुए इसके ट्रेलर के रिलीज होने की जानकारी दी। ये ट्रेलर काफी सस्पेंस से भरा हुआ है। फैंस को ट्रेलर काफी पसंद आने वाला है। इस ट्रेलर को देखकर फिल्म की कहानी का अंदाजा तो लगाया जा सकता है लेकिन इस फिल्म में क्या चल रहा है जान पाना बहुत ही मुश्किल है।
ट्रेलर की शुरुआत अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा से होती है। दोनों एक रेलवे स्टेशन पर नजर आते हैं। इसके बाद दिखाया जाता है कि कैसे दोनों के बीच एक तनाव चल रहा है और अर्जुन, परिणीति को बार बार मारने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, वह उसको सीमा के बाहर ले जाने की बात भी करता है। ट्रेलर का लास्ट सीन देखने के बाद फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता हो सकती है, क्योंकि लास्ट सीन में अर्जुन परिणीति का गला दबाते नजर आते हैं। और ऐसा गलता है कि वह संदीप का मर्डर कर देंगे। लेकिन ऐसा होगा कि नहीं ये फिल्म रिलीज के बाद भी पता लगेगा।
फिल्म में अर्जुन एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका नाम है पिंकी दहिया। जबकि परिणीती का किरदार पूरी तरह से करियर पर फोकस लड़की का है और उनका नाम है संदीप कौर। जो कॉरपोरेट सेक्टर में काम करती है और दिल्ली में रहती है और उसे साफ पता है कि उसे जिंदगी से क्या चाहिए। जाहिर है फिल्म में नाम का लफड़ा साफ दिख रहा है। कहानी दो ऐसे लोगों की है, जो भारत के बिल्कुल अलग अलग परिवेश से आते हैं। और दोनों एक दूसरे से बेहद नफरत करते हैं, लेकिन दोनों की लाइफ आपस में टकराती है।
संदीप और पिंकी फरार एक आगामी ब्लैक कॉमेडी ड्रामा है, जिसका निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया है। फिल्म में अर्जुन कपूर और परणीती चोपड़ा मुख्य भूमिका मे हैं, फिल्म 19 मार्च 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।