अपने दमदार अभिनय के दम पर आज बॉलीवुड का मशहूर नाम बन चुके अभिनेता पंकज त्रिपाठी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। पंकज त्रिपाठी ने अपने हर किरदार को बखूबी पर्दे पर उतारा है और यही वजह है कि भले ही उनका रोल छोटा हो लेकिन वो लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ ही जाता है। पकंज गुंजन सक्सेना, स्त्री, न्यूटन जैसी बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं।
मिर्जापुर के कालीन भइया हो या फिर गैंग्स ऑफ वासेपुर के सुल्तान मिर्जा या फिर क्रिमिनल जस्टिस के माधव मिश्रा इन सभी रोल में पंकज त्रिपाठी ने जान फूंक दी है। अपनी एक्टिंग से लाखों दिलों पर राज करने वाले पंकज के चाहने वाले एक्टर की असल जिंदगी के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने की चाह रखते हैं। तो आज हम आपको उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में बताने जा रहे हैं।
मुंबई जैसे शहर में एक बड़ा मुकाम हासिल करने वाले पंकज त्रिपाठी बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड गाँव के रहने वाले हैं। उनका जन्म जन्म 5 सितंबर 1976 में एक भोजपुरी ब्राह्मण फैमली में हुआ था। उनके पिता का नाम पंडित बनारस त्रिपाठी एक किसान थे और उनकी मां का नाम हेमवंती त्रिपाठी है। अभिनेता अपने 4 भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं।
साल 1993 में पकंज अपनी वाइफ मृदुला से एक शादी में मिले थे और पहली नजर में ही उन्हें दिल दे बैठे थे। पंकज और मृदुला को अपने माता-पिता को शादी के लिए राजी करना पड़ा और बड़ी मशक्कत के बाद 15 जनवरी 2004 को पंकज और मृदुला की शादी हुई। दोनों की एक बेटी है जिसका नाम आशी त्रिपाठी है। पंकज अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी वाइफ और बेटी के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।
बता दें कि पंकज त्रिपाठी ने अपनी स्कूली शिक्षा गोपालगंज के डीपीएच स्कूल में की। हाई स्कूल के बाद वह पटना चले गए जहाँ उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, हाजीपुर में पढ़ाई की। साल 2004 में पंकज ने दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से स्नातक करने के बाद वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी किस्मत आजमाने मुंबई चले आए।
एक किसान परिवार से मुंबई आने के बाद उन्होंने सबसे पहले टाटा टी के विज्ञापन में एक राजनेता का रोल किया था। एक्टिंग के शुरुआती दिनों में उन्होंने अभिषेक बच्चन की फिल्म रन और अजय देवगन स्टारर ओमकारा में छोटी भूमिका निभाई थी। पंकज त्रिपाठी बॉलीवुड के मंझे हुए एक्टरों की लिस्ट में शुमार पॉपुलर अभिनेता मनोज बाजपेयी को अपना आदर्श मानते हैं।