एण्डटीवी के एक सबसे पसंदीदा शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ ने हमेशा ही अपनी मजेदार कहानियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। दर्शकों को अब एक और सरप्राइज मिलने वाला है, क्योंकि तिवारी जी की जिंदगी में एक नयी अंगूरी भाबी की एंट्री होने जा रही है। इससे पहले कि आप ये सोचें कि अंगूरी भाबी का किरदार निभाने वालीं शुभांगी शो छोड़कर जा रही हैं तो ऐसा कुछ नहीं है।
दरअसल, आने वाले एपिसोड में कोई और अंगूरी भाबी का किरदार निभाने वाला है और वो शख्स कोई और वहीं अनोखे लाल सक्सेना हैं। कई किरदारों को परदे पर साकार करने के बाद, सानंद वर्मा अब चुलबुली अंगूरी भाभी के रूप में नजर आयेंगे।
शो की कहानी में अंगूरी भाभी और मनमोहन तिवारी की तगड़ी लड़ाई हुई है। इस लड़ाई के बाद अंगूरी भाभी ने तिवारी जी का घर छोड़कर विभूति नारायण मिश्रा के घर रहने का फैसला किया है। ऐसे में अनोखे लाल सक्सेना ने भी तिवारी जी अकेला महसूस ना करें इसलिए अंगूरी भाभी बनने का फैसला किया है। अंगूरी भाभी के गेटअप में आने के लिए अनोखे लाल सक्सेना लंबे बाल करेंगे, साड़ी पहनेंगे और मूंछे कटवाकर नाक में अंगूरी भाभी की तरह नोज पिन डालेंगे।
अंगूरी भाभी बनने का एक्सपीरियंस शेयर करते हुए सानंद वर्मा ने कहा कि उन्हें हमेशा ये किरदार अच्छा लगा है। वो शो में जिस तरह की साड़ियां और ज्वेलरी कैरी करती हैं, ये उनके लुक में चार चांद लगा देता है। एक एक्टर होने के नाते मैं हमेशा तरह-तरह के किरदार करने के लिए उत्सुक रहता हूं। वैसे आप सानंद वर्मा को अंगूरी भाभी बनते हुए देखने के लिए कितने बेताब हैं? इस बारे में आप हमें कमेंट के जरिए भी बता सकते हैं।