ग्लोबल आइकॉन बनी प्रियंका चोपड़ा के आज दुनियाभर में करोड़ो दीवाने हैं। एक्ट्रेस की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस इंतज़ार करते हैं। मगर क्या कभी आपने सोचा है वो इस इंडस्ट्री में कैसे आईं। कैसे उन्होंने फैसला किया कि वो अब एक्ट्रेस बनना चाहती हैं। अगर अगर अपने ये नहीं सोचा तो कोई बात नहीं आज हम आपको बताते हैं पूरी कहानी। दरअसल, एक वक्त ऐसा था जब प्रियंका चोपड़ा फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं।
खुद एक्ट्रेस की मां यानी मधु चोपड़ा ने इस बात का खुलासा किया है। प्रियंका चोपड़ा की मां के मुताबिक एक्ट्रेस बनना कभी प्रियंका चोपड़ा की प्लानिंग में नहीं था। आपको बता दें, प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। ये ब्यूटी पेजेंट जीतने के बाद अक्सर हसीनाएं फिल्मी दुनिया कि ओर रुख करती हैं। मगर प्रियंका चोपड़ा के मामले में ऐसा बिल्कुल नहीं था। मधु चोपड़ा की मानें तो, मिस वर्ल्ड पेजेंट में हिस्सा लेने के लिए प्रियंका ने एक साल का गैप लिया था। ये जीतने के बाद फिल्मों में काम करना प्रियंका की लिस्ट में नहीं था।
मधु चोपड़ा ने कहा है कि प्रियंका आगे पढ़ना चाहती थीं, लेकिन पेरेंट्स ने जोर दिया तो वो फिल्मों में चली आईं। हाल ही में मीडिया संग बातचीत के दौरान मधु ने कहा, “वो मुंबई आई तो जाहिर है कि उसके पास फिल्मवाले ऑफर्स लेकर आने लगे, लेकिन वो फिल्मों में काम करने के बिल्कुल खिलाफ थी। वो कहती, ‘नहीं, ये सब मुझे नहीं करना है। मैं पढ़ाई करना चाहती हूं।’ तब हमने कहा कि मौके रोज-रोज नहीं आते।”
मधु चोपड़ा ने आगे कहा, ‘हमने प्रियंका को समझाया और कहा कि एक फिल्म करो, अगर तुम्हें अच्छा न लगे और ऐसा लगे कि ये तुम्हारे लिए सही नहीं है तो तुम कभी भी वापस लौट सकती हो और फिर पढ़ाई कर लेना। वे लोग तुम्हें जबर्दस्ती नहीं ले जाएंगे। इसके बाद उसने फिल्मों के ऑफर लिए।’
इतना ही नहीं इस दौरान मधु चोपड़ा ने ये भी रिवील किया कि प्रियंका चोपड़ा अपने पहले कॉन्ट्रैक्ट के दौरान काफी रोई थीं। उन्होंने अपनी मां से कहा था, ‘मैं ये सिर्फ इसलिए कर रही हूं, क्योंकि आप मुझे ऐसा करने के लिए कह रही हैं।’ हालांकि, एक्ट्रेस ने जब कैमरा फेस किया तो उन्हें ये पसंद आया और उन्होंने आगे भी इसी में करियर बनाना जारी रखा।’ वहीं, आज वो जिस मुकाम पर है उससे साफ़ ज़ाहिर है कि एक्ट्रेस का ये फैसला बिल्कुल सही था।