शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान का जमकर विरोध किया जा रहा है। पठान के गाने बेशरम रंग में एक्ट्रेस की बिकनी के रंग को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। दीपिका की बिकनी के रंग को लेकर मचा बवाल अब राजनैतिक रुप ले चुका है। संत समाज से लेकर राजनेता तक गाने का विरोध कर चुके हैं। उनका मानना है कि इस गाने में जानबूझकर भगवा रंग की बिकनी एक्ट्रेस को पहनाई गई है। वहीं अब इस मुद्दे पर बवाल मचने के बाद दिग्गज एक्टर प्रकाश राज भी दीपिका के सपोर्ट में उतर आए हैं।
साउथ के मशहूर एक्टर प्रकाश राज अपनी एक्टिंग के साथ अपनी बेबाकी के लिए भी काफी जाने जाते हैं। प्रकाश राज हर मुद्दे पर अपनी राय खुलकर रखते हैं। इस बार वो शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर पठान के सपोर्ट में उतर आए है और उन्होंने फिल्म सपोर्ट करते हुए विरोधियों को जमकर लताड़ लगाई है। एक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म का सपोर्ट किया है।
दरअसल, साउथ के फेमस एक्टर प्रकाश राज ने दो ट्वीट किए हैं जिसमें उन्होंने ‘भगवा बिकिनी’ पर सवाल उठाने वालों को जमकर सुनाया है। उन्होंने अपने पहले ट्वीट में लिखा, ‘घिनौना… ये सब हमें कब तक बर्दाश्त करना पड़ेगा… कलर ब्लाइंड…’। दूसरे ट्वीट में एक्टर ने लिखा, ‘बेशर्म… ये तो ठीक है जब भगवा कपड़े पहने हुआ शख्स रेपिस्ट को हार पहनाता है। हेट स्पीच देता है… ब्रोकर विधायक… भगवा पहनने वाले स्वामी जी बच्चियों का रेप करते हैं… लेकिन ये किसी मूवी की ड्रेस नहीं हो सकती? विरोध में प्रदर्शनकारी इंदौर में शाहरुख खान के पुतले जला रहे हैं। उनकी डिमांड है- बैन ‘पठान’।’
बता दें कि दीपिका की बिकनी के रंग पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि अगर सीन्स बदले नहीं गए तो राज्य में फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। इसके बाद हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने दीपिका के बिकिनी के केसरिया रंग को धर्म से जोड़ दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी बायकॉट पठान ट्रेंड हो रहा है।