कोरोना काल मनोरंजन जगत के लिए बहुत बुरा साबित हो रहा है। बीते कुछ समय से मनोरंजन जगत से बुरी खबरें आ रही हैं। एक साल बीत जाने पर इन बुरी खबरों का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। ताजा मिल रही जानकारी की मानें तो तमिल के जाने माने अभिनेता विवेक का निधन हो गया है। विवेक केवल 59 साल के थे। हार्ट अटैक आने के बाद विवेक को 16 अप्रैल के दिन चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शुक्रवार को ही डॉक्टर्स ने एक्टर का हेल्थ अपडेट दिया था कि सर्जरी के बाद उन्हें ईसीएमओ सपोर्ट में रखा गया था। लेकिन आज सुबह 4.35 बजे एक्टर ने आखिरी सांस ली। विवेक के निधन से फैंस सदमे में हैं। सभी सोशल मीडिया के जरिए एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
एक्टर ने गुरुवार को कोविड-19 वैक्सीन लगवाई थी मगर डॉक्टरों ने इस बात को साफ किया है कि उनकी ये स्थिति वैक्सीन के कारण नहीं हुई है। अस्पताल के वाइस प्रेसिडेंट ने कहा- एक्टर को जो अचानक से अटैक आया, वो कार्डियोजेनिक शॉक के साथ एक तीव्र कोरोनरी सिंड्रोम के कारण हुआ है। टेस्ट में ये पता चला है कि एक्टर कोरोना संक्रमित नहीं थे।
फैंस लगातार विवेक को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक फैन ने विवेक को याद करते हुए लिखा, दुनिया के सबसे हंबल कलाकार इस दुनिया में नहीं रहे। ये एक दुखद खबर है। हम आपको बहुत मिस करेंगे। वहीं एक फैन ने लिखा, ये खबर चौंकाने वाली है। मैं अब भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहा हूं कि विवेक इस दुनिया में नहीं रहे।
विवेक साउथ सिनेमा का जाना-माना नाम थे। उन्होंने कई दिग्गज एक्टर्स के साथ यादगार रोल दिए हैं। वो अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर थे। उनकी लाजवाब फिल्मों में अहम हैं- ‘शिवाजी’, ‘अन्नियन’, ‘बिगिल’, ‘धूल’, ‘सिंघम’, ‘आथि’, ‘विश्वासम’, ‘वीआईपी-2’, ‘मिन्नाले’ आदि। आपको बता दें कि सुपरस्टार विवेक को भारत सरकार की ओर से साल 2009 में पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया था। विवेक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सिद्धांतों पर चलने वाले व्यक्ति थे। कुछ साल पहले एक्टर के बेटे की डेंगू और ब्रेन फीवर के चलते मौत हो गई थी।