कोरोना की मार छोटे पर्दे की दुनिया पर साफ देखने को मिल रही है। मुंबई में लगे लॉकडाउन की वजह से कई टीवी शोज के मेकर्स ने अपनी लोकेशन में बदलाव कर लिया है। वहीं कुछ ऐसे टीवी शोज भी हैं जिन पर ऑफ एयर होने का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच खबर आ रही है कि पूजा गौर और अरहान बहल का सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा 2 जल्द ही ऑफ एयर होने जा रहा है।
एक रिपोर्ट की मानें तो गिरती टीआरपी की वजह से मेकर्स ने सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा 2 पर ताला लगाने का फैसला किया है। बता दें कि पहले पार्ट में दोनों की केमिस्ट्री को फैंस ने काफी पसंद किया था। इतना ही नहीं प्रतिज्ञा ने कई अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए थे, लेकिन लगता है इस बार दर्शकों को इस शो से खुशी नहीं हुई। अभी इस बारे में नहीं पता चल पाया है कि शो का लास्ट एपिसोड कब आएगा और शो की कहानी का एंड कैसे होगा। बता दें कि शो 15 मार्च को ऑनएयर हुआ था।
सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा ने तीन सालों तक फैंस का मनोरंजन किया था। 8 साल बाद मेकर्स सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा का दूसरा पार्ट लेकर आए थे। वह बात अलग है कि दूसरा पार्ट फैंस का मनोरंजन करने में नाकामयाब रहा। पूजा गौर की बात करें तो कुछ दिनों पहले वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी सुर्खियों में थीं। दरअसल, कई सालों तक साथ रहने के बाद पूजा गौर और राज सिंह अरोड़ा का कुछ समय पहले ही ब्रेकअप हो गया है। ब्रेकअप के बाद पूजा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बारे में बताया था।
पूजा ने कहा था, साल 2020 में काफी सारे बदलाव हुए। कुछ अच्छे थे और कुछ बुरे। पिछले कुछ महीने मेरे और राज के रिश्ते को लेकर काफी सारी खबरें उठीं। कठिन फैसले लेने में थोड़ा समय लगता है। मैं इस बारे में बात करने से पहले थोड़ा समय लेना चाहती थी’।